सोनपुर मेले में घोड़ों और विदेशी कुत्तों का जलवा: 1.85 लाख तक पहुंची कीमत, हस्की और पिटबुल बने आकर्षण का केंद्र
सोनपुर मेले में पशुओं की खरीद-बिक्री और भीड़ लगातार बढ़ रही है, जहाँ घोड़ों और विदेशी नस्ल के कुत्तों का बाजार आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
-1795714008939_m.webp)
कुत्ता बाजार में विभिन्न नस्ल के कुत्ते। (जागरण)
HighLights
मेले में 1,585 घोड़े पहुंचे, 327 की बिक्री हुई।
विदेशी नस्ल के 156 कुत्ते लोगों का मुख्य आकर्षण।
पशु चिकित्सकों ने 167 पशुओं का सफल उपचार किया।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में पशुओं की खरीद-बिक्री और दर्शकों की भीड़ लगातार बढ़ रही है।
पशुपालन विभाग के मुख्य शिविर से मेला प्रभारी, पशुपालन, सोनपुर की ओर से 26 नवंबर को जारी 25 नवंबर के दैनिक प्रतिवेदन के अनुसार, मेले में घोड़ों के साथ विदेशी नस्ल के श्वानों (कुत्तों) का बाजार भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
प्रतिवेदन के अनुसार, मेले में कुल 1,585 घोड़े पहुंचे हैं। 25 नवंबर को 133 घोड़ों की बिक्री हुई, जबकि इससे पहले 194 घोड़े बिक चुके थे। इस तरह अब तक कुल 327 घोड़ों की बिक्री दर्ज की गई है। घोड़ों का अधिकतम मूल्य 1.85 लाख और न्यूनतम मूल्य 85 हजार रुपये रहा।
विदेशी नस्ल के कुत्तों ने किया आकर्षित
श्वान वर्ग में कुल 156 कुत्तों की उपस्थिति दर्ज की गई है। पटना सहित विभिन्न क्षेत्रों से लाए गए देशी और विदेशी नस्ल के कुत्ते लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।
बाजार में जर्मन शेफर्ड, साइबेरियन हस्की, लैब्राडोर, गोल्डन रिट्रीवर, बीगल, अमेरिकन बुली/पिटबुल, डोबरमैन, स्पिट्ज (पोमेरेनियन) और शिह त्जु जैसी नस्लों के कुत्ते बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।
-1795714069875.webp)
कुत्ता बाजार में विभिन्न नस्ल के कुत्ते। (जागरण)
मेले में कुल 372 बकरी और भेड़ पहुंचे हैं। 25 नवंबर को 86 पशुओं की बिक्री हुई, जबकि इससे पहले 91 बिक चुके थे। इस तरह अब तक कुल 177 बकरी और भेड़ बिके हैं। इनका अधिकतम मूल्य 37 हजार और न्यूनतम मूल्य 3,500 रुपये रहा।
मेले में कुल 15 गायों की उपस्थिति दर्ज की गई। इनमें फिंजियन नस्ल की 12, गीर नस्ल की दो और शाहीवाल नस्ल की एक गाय शामिल है। इस दिन किसी गाय की बिक्री नहीं हुई। बछौर देशी नस्ल के सात बैलों में से अब तक चार की बिक्री हुई है। इनकी कीमत 14 हजार से 16 हजार रुपये के बीच रही।
वहीं, देशी एवं अन्य नस्ल की पांच भैंसों में से चार बिक चुकी हैं। इनका अधिकतम मूल्य 1.25 लाख और न्यूनतम मूल्य 80 हजार रुपये दर्ज किया गया। हाथी, ऊंट, कुक्कुट जाति तथा अन्य पक्षी एवं जीव-जंतु वर्ग में इस दिन किसी की उपस्थिति दर्ज नहीं हुई।
दो शिविरों में 167 पशुओं का हुआ उपचार
मेला क्षेत्र में जिला पशुपालन पदाधिकारी डा. मनोज कुमार दास की निगरानी में पशु चिकित्सकों की टीम पशुओं के स्वास्थ्य की देखभाल कर रही है।
टीम में डॉ. हिमांशु, डॉ. दिलीप कुमार झा, डॉ. शिवशंकर, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. विकास सक्सेना, डॉ. डिंपी कुमार, डॉ. कुमारी ज्योति, डॉ. निक्कू, डॉ. मुकेश, डॉ. मनोज, डॉ. आशुतोष, डॉ. अनामिका, डॉ. किसलय विकल्प कुमार और डॉ. वर्मन सहित अन्य चिकित्सक शामिल हैं।
मुख्य शिविर में 25 नवंबर को सात पशुओं का उपचार किया गया। इससे पहले 28 पशुओं का इलाज हो चुका था। इस तरह यहां अब तक कुल 35 पशुओं को चिकित्सा सुविधा दी गई है। सोनपुर स्थित शिविर में इस दिन 49 पशुओं का उपचार हुआ, जबकि इससे पहले 83 पशुओं का इलाज किया गया था।
इस शिविर में अब तक कुल 132 पशुओं का उपचार हुआ है। दोनों शिविरों में मिलाकर 25 नवंबर को 56 पशुओं का इलाज किया गया। इससे पहले 111 पशुओं का उपचार हुआ था। इस तरह अब तक कुल 167 पशुओं को चिकित्सा सुविधा दी जा चुकी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।