वैशाली के राघोपुर में बाढ़ का पानी बना काल, 25 से अधिक लोगों की डूबने से हो चुकी है मौत
वैशाली के राघोपुर में बाढ़ की वजह से अब तक 25 से अधिक लोगों की डूबकर मौत हो चुकी है। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
राघोपुर में बाढ़ से 25 से अधिक मौतें।
नाव डूबने और अन्य हादसों में कई जानें गईं।
प्रशासन पर बचाव कार्यों में लापरवाही का आरोप।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। वैशाली जिले के राघोपुर में बाढ़ का पानी काल बन गया है। बाढ़ के पानी में डूबने से दो दर्जन लोगों की मौत हो चुकी है। बाढ़ का कहर थमा तो मंगलवार की रात्रि नाव डूबने (vaishali boat accident) से 13 की मौत हो गई।
राघोपुर प्रखंड की 20 पंचायतों के 76 गांव इस बार बाढ़ में घिरे रहे और नाव की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से लोग जान जोखिम में डालकर पानी पार करते रहे।
बाढ़ के दौरान स्थानीय लोगों का आरोप रहा कि प्रशासन और अंचल स्तर पर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नाव, गोताखोर और एसडीआरएफ की पर्याप्त संख्या में व्यवस्था नहीं की गई।
इलाका वीआइपी है। तेजस्वी यादव का विधानसभा क्षेत्र है। राघोपुर में हर साल बाढ़ आती है और दर्जनों लोगों की जान चली जाती है।
हद यह है कि हर वर्ष बाढ़ के दौरान पानी में डूबने से बड़ी संख्या में लोगों की मौत होने के बावजूद इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा। प्रत्येक वर्ष मजबूरी में लोग गहरे पानी में पैदल छोटे नाव या डेंगी से आवागमन कर रहे हैं, जिससे हादसे बढ़ रहे हैं।
कब-कब हुए हादसे
23 अगस्त
राघोपुर प्रखंड अंतर्गत जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के राघोपुर पूर्वी पंचायत में यजमान के घर जा रहे वार्ड संख्या नौ निवासी 55 वर्षीय सुरेंद्र ठाकुर की डूबने से मौत हो गई थी।
25 अगस्त
जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के चकसिंगार पंचायत की नवनिर्मित पुलिया के पास बाढ़ के पानी में डूबने से एक युवक की मौत हाे गई। युवक की पहचान नहीं हो सकी।
27 अगस्त
राघोपुर थाना क्षेत्र के चांदपुरा पंचायत के हैबतपुर में ढाब में भैंस धोने के दौरान 65 वर्षीय हुलास राय की मौत हो गई थी।
3 सितंबर
बिदुपुर थाना के बिशनपुर सैदअली गांव में नाव पलटने से 55 वर्षीय दूधनाथ राय की मौत हो गई थी। वहीं इस हादसे में एक महिला को बचा लिया गया था।
4 सितंबर
दो लोगों की डूबने से मौत हो गई। राघोपुर के फतेहपुर पंचायत वार्ड-13 में दरवाजे पर खेल रही 15 महीने की मासूम प्रीति कुमारी पिता मुकेश दास की डूबकर मौत हो गई।
वहीं रुस्तमपुर थाना क्षेत्र के बहरामपुर में कच्ची दरगाह से लौट रहे 29 वर्षीय राजमिस्त्री विनय कुमार की ढाब में डूबने से मौत हो गई।
5 सितंबर
डूबने से दो लोगों की मौत हो गई। बिदुपुर के सैदपुर गणेश में बच्चे को बचाने के दौरान रजौली सेंदुआरी निवासी विकास कुमार की मौत हो गई। वहीं सोनपुर के संबलपुर दियारा पश्चिमी पंचायत वार्ड संख्या पांच में घर का सामान निकालने के दौरान योगेश्वर पासवान की मौत हो गई।
7 सितंबर
राघोपुर प्रखंड अंतर्गत थाना क्षेत्र के मोहनपुर पंचायत में पिता को बथान पर खाना देकर लौट रहे रमेश राय पिता शिव शंकर राय की डूबकर मौत हो गई थी।
8 सितंबर
तेरसिया दियारा से आ रही एक नाव बाढ़ के पानी में छिपे बोल्डर से टकराने के बाद असंतुलित होकर डूब गई थी। नाव पर करीब 11 लोग सवार थे।
स्थानीय लोगों की मदद से 9 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया था, जबकि चंदन कुमार एवं दीपक कुमार की मौत हो गई थी।
- 8 सितंबर के बाद भी राघोपुर प्रखंड क्षेत्र में करीब एक दर्जन की मौत अब तक हुई है।
