Bihar Flood: गंगा के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से पानी-पानी हुआ राघोपुर, तीन दिन बंद रहेंगे स्कूल
राघोपुर में गंगा के जलस्तर में वृद्धि से बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। कई गांव जलमग्न हैं फसलें डूब गई हैं और आवागमन बाधित है। लोगों को भोजन और पानी की समस्या हो रही है और सरकारी सहायता का इंतजार है। बिजली आपूर्ति बंद होने से रातें मुश्किल भरी हैं। राहत नहीं मिलने से लोगों में आक्रोश है।

संवाद सूत्र, राघोपुर। गंगा के जलस्तर में तेजी से हो रही वृद्धि से राघोपुर का पूरा क्षेत्र पानी-पानी हो गया। राघोपुर प्रखंड के कई गांव बाढ़ के पानी में डूब चुके हैं।
सैकड़ों एकड़ में लगी फसल पानी में डूब गई है। प्रखंड के मुख्य सड़क से सभी गांव का संपर्क भंग हो गया है। मुख्य सड़क पर गाड़ी के बजाय नावें चल रही है।
राघोपुर प्रखंड अंचल,बीआरसी,परिसर, रेफरल अस्पताल, सीडीपीओ कार्यालय, ठाकुर राम शरण सिंह प्लस टू विद्यालय जुड़ावनपुर,पृथ्वी सिंह प्लस टू विद्यालय जहांगीरपुर सहित प्रखंड के सभी विद्यालयों में लबालब पानी भरा हुआ है।
डीएम वर्षा सिंह ने प्रखंड के सभी सरकारी निजी विद्यालय आंगनबाड़ी केंद्र को तीन दिनों के लिए बंद करने का आदेश जारी किया है। प्रखंड के रूस्तमपुर से बीरपुर जाने वाली मुख्य मार्ग और कई जगह चार फीट पानी सड़क पर होने के कारण आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है।
वहीं, प्रखंड मुख्यालय फतेहपुर से खालसा घाट, हैबतपुर, पहाड़पुर से जमींदारी घाट सहित कई मुख्य सड़क समेत ग्रामीण सड़कों पर बाढ़ का पानी चढ़ जाने को लेकर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है।
लोग जान जोखिम में डालकर किसी तरह एक स्थान से दूसरे स्थान जा रहे हैं। प्रखंड के निचले इलाके में पिछले कई दिनों से बाढ़ का पानी फैला हुआ है। बाढ़ का पानी घर में प्रवेश कर जाने के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है। अधिकतर घरों में दैनिक उपयोग का सामान खत्म हो चुका है।
गेहूं-चावल समेत अन्य खाद्य सामग्री भी लगभग समाप्त हो चुकी है। लोगों को खुद के साथ पशुओं की भी चिंता सताने लगी है। पशुपालक पशुओं के लिए जान जोखिम में डालकर एक स्थान से दूसरे स्थान चारा लाने के लिए जाते हैं। पशुपालक अपने पशुओं को लेकर ऊंचे स्थान एवं सड़क पर शरण लिए हुए हैं।
सरकारी स्तर पर अब तक बाढ़ प्रभावित इलाके में आम लोगों के लिए किसी तरह की कोई सुविधा नहीं दिए जा रही है। सुविधा नहीं मिलने से स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। प्रखंड के निचले इलाके वाले लोगों का हाल बुरा है।
चक सिंगार, वीरपुर, तेरसिया, सरायपुर, जुड़ावनपुर करारी बरारी, रामपुर करारी बरारी, लंका टोला, राघोपुर पूर्वी, पश्चिमी पहाड़पुर पूर्वी, पश्चिमी, बहरामपुर सहित निचले इलाके में रहने वाले लोगों का बुरा हाल है। पिछले कई दिनों से घर में एवं घर के आसपास बाढ़ के पानी फैल जाने के कारण लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
लोग अपने हाल पर जीने को विवश है। सरकारी अस्तर पर कोई सुविधा मुहैया नहीं कराए जाने से स्थानीय लोगों में रोष है। परेशान लोगों ने सरकार एवं प्रशासन से तत्काल सरकारी स्तर पर सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
बाढ़ पीड़ितों से मिलने नहीं पहुंचे सांसद और विधायक
पिछले कई दिनों से राघोपुर प्रखंड के सभी गांव में बाढ़ का पानी लबालब भरा हुआ। बाढ़ पीड़ित पिछले दिनों से यह आस लगाए हुए हैं कि आपदा की घड़ी में सांसद और विधायक दुख बांटने और कुछ वितरण करने जरूर आएंगे।
लेकिन केंद्रीय मंत्री सह हाजीपुर सांसद चिराग पासवान एवं नेता विरोधी दल सह विधायक तेजस्वी प्रसाद यादव राघोपुर में बाढ़ पीड़ितों से मिलने तक नहीं आए। जिसके कारण लोगों में काफी नाराजगी है। इंटरनेट मीडिया पर दोनों नेताओं के खिलाफ लोग लगातार टिप्पणी कर रहे हैं।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य चलाए प्रशासन
भाजपा नेता गौतम सिंह जिला प्रशासन एवं स्थानीय प्रशासन से राघोपुर विधानसभा अंतर्गत बिदुपुर एवं राघोपुर प्रखंड के वार्ड प्रभावित क्षेत्र में अभिलंब पर्याप्त नाव उपलब्ध कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि प्रशासन अभिलंब बाढ़ पीड़ितों के बीच नाव, खाद्य सामग्री, पॉलीथिन शीट का वितरण करें। वहीं सभी जगह पर सामुदायिक किचन चलाया जाए। पशुओं के लिए चार की व्यवस्था की जाएं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में डॉक्टर के द्वारा शिविर लगाकर मरीजों का इलाज किया जाए। और सरकार राघोपुर प्रखंड को अभिलंब वार्ड ग्रस्त क्षेत्र घोषित करें।
बिजली की आपूर्ति बंद रतजगा कर रहे लोग
राघोपुर प्रखंड के जहांगीरपुर, जफराबाद, चक सिंगार सहित नौ पंचायत में विद्युत विभाग के द्वारा बिजली की आपूर्ति बंद कर दी गई है। रात्रि में बिजली नहीं रहने के कारण बाढ़ पीड़ित रतजगा कर रहे हैं।
बाढ़ पीड़ितों का कहना है की रात्रि में खासकर जहां पर बिच्छू का डर लगा रहता है। जिसके कारण छोटे-छोटे बच्चों को लेकर रात भर जागना पड़ रहा है, सरकार के स्तर पर कोई सुविधा उपलब्ध नहीं कराया गया है।
राघोपुर के खुदगाश में बाढ़ पीड़ितों ने किया हंगामा
राघोपुर प्रखंड अंतर्गत खुदगाश में बाढ़ पीड़ितों ने सरकारी सुविधा उपलब्ध नहीं कराए जाने को लेकर हंगामा किया। हंगामा कर रहे लोगों ने कहा कि गांव में बाढ़ का पानी प्रवेश कर चुका है। घर के आसपास एवं सड़क पर बाढ़ का पानी लबालब भरा हुआ है।
स्थानीय प्रशासन के द्वारा नाव, पशु चारा एवं खाद्य सामग्री की व्यवस्था नहीं की गई है। हंगामा कर रहे देवेंद्र भगत, शंकर प्रसाद, रामेश्वर महतो, राजकुमार भगत, बेला भगत, शंकर भगत, सुरेंद्र भगत, रामबाबू भक्त, प्रमोद भगत आदि ने बताया कि बाढ़ के पानी आने के कारण काफी कठिनाई हो गई है।
स्थानीय प्रशासन के स्तर पर नाव, पशु चारा एवं खाने की कोई सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई है। लोगों ने स्थानीय एवं जिला प्रशासन से अभिलंब पर्याप्त नाव, पशु चारा पॉलीथिन शीट खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की एवं बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र घोषित एवं फसल नष्ट का मुआवजा देने की मांग की।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।