Bihar Government Scheme: बिहार के 16 लाख श्रमिकों को 802 करोड़ की सहायता, वैशाली से 32 हजार लोग शामिल
विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री ने बिहार के निर्माण श्रमिकों के खातों में वस्त्र सहायता योजना के तहत 802 करोड़ 46 लाख रुपये की राशि वितरित की। वैशाली जिले के 32082 श्रमिकों को भी लाभ मिला। मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के साथ संवाद किया और जिलाधिकारी ने उनकी समस्याओं को सुना।

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री ने बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत 16,04,929 निबंधित निर्माण श्रमिकों के खातों में वार्षिक वस्त्र सहायता योजना के अंतर्गत 5000 रुपये प्रति श्रमिक की दर से कुल 802 करोड़ 46 लाख रुपये की राशि वितरण की।
वैशाली जिले में 32,082 श्रमिकों को डीबीटी के माध्यम से 5000 रुपये प्रति श्रमिक की दर से 16 करोड़ 41 लाख रुपये की राशि दी गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लाइव टेलीकास्ट के जरिए श्रमिकों से संवाद किया। कार्यक्रम को श्रम कल्याण दिवस के रूप में मनाया गया।
जिला परिषद सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिलाधिकारी, उप विकास आयुक्त, श्रम अधीक्षक, सहायक निदेशक (बाल संरक्षण इकाई), सभी प्रखंडों के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, निबंधित श्रमिक और श्रमिक संघ के प्रतिनिधि शामिल हुए।
जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और श्रमिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने श्रम अधीक्षक को समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया।
श्रम अधीक्षक ने मौके पर बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने श्रम अधीक्षक को निर्देश दिया कि श्रमिकों के निबंधन और योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए नियमित रूप से शिविरों का आयोजन किया जाए। श्रमिकों ने वस्त्र सहायता की राशि मिलने पर आभार व्यक्त किया।
श्रमिकों के लिए चल रही कल्याणकारी योजनाएं
बोर्ड के माध्यम से निबंधित श्रमिकों को पात्रता के आधार पर अनेक योजनाओं का लाभ दिया जाता है। इनमें मातृत्व लाभ, शिक्षा सहायता, नकद पुरस्कार, विवाह सहायता, साइकिल और औजार क्रय योजना, भवन मरम्मत अनुदान, चिकित्सा सहायता, वार्षिक चिकित्सा सहायता, पेंशन, विकलांगता पेंशन, दाह संस्कार सहायता, मृत्यु लाभ, परिवार पेंशन, पितृत्व लाभ, वार्षिक वस्त्र सहायता, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना और आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना शामिल हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।