बिहार के किसानों को सौगात: अब दूध-सब्जी के किसानों को भी मिलेगा KCC लोन, कैंप में बांटे जाएंगे क्रेडिट कार्ड
बिहार में सहकारिता विभाग ने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की सुविधा का विस्तार किया है। अब दुग्ध, सब्जी उत्पादक समितियों और किसान उत्पादक संगठनों से जुड़े किसानों को भी यह ऋण मिलेगा, जिसके लिए विशेष शिविर लगेंगे।

अब दुग्ध और सब्जी उत्पादक समितियों के किसानों को भी मिलेगा किसान क्रेडिट कार्ड (AI Generated Image)
HighLights
केसीसी सुविधा का विस्तार अब दुग्ध उत्पादक किसानों तक।
सब्जी उत्पादक समितियों के किसानों को भी मिलेगा केसीसी।
सहकारी बैंकों द्वारा विशेष शिविर लगाकर ऋण वितरण।
जागरण संवाददाता, सुपौल। किसानों को खेती-किसानी के लिए आसानी से ऋण (लोन) उपलब्ध कराने की दिशा में सहकारिता विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है। अब किसान क्रेडिट कार्ड (Kisan Credit Card Bihar) की सुविधा केवल प्राथमिक कृषि साख समितियों से जुड़े किसानों तक सीमित नहीं रहेगी।
दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों, सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों और किसान उत्पादक संगठनों से जुड़े किसान सदस्यों को भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए सहकारी बैंकों के माध्यम से विशेष अभियान चलाकर पात्र किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड देने की तैयारी की गई है।
इस संबंध में बिहार राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अरविंद कुमार पासवान ने राज्य के सभी जिला केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड के प्रबंध निदेशकों को निर्देश जारी किया है।
निर्देश में आगामी शनिवार और रविवार को विशेष शिविर आयोजित कर विभिन्न सहकारी समितियों से जुड़े किसानों को केसीसी की सुविधा उपलब्ध कराने को कहा गया है। इसके लिए जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों के पदाधिकारियों और कर्मियों को लक्ष्य भी निर्धारित कर दिया गया है।
निर्देश के अनुसार, पैक्स से जुड़े किसान सदस्यों को सीधे पैक्स के माध्यम से किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, पैक्स के अतिरिक्त अन्य सहकारी समितियों से जुड़े किसानों को संबंधित समिति के अनुमोदन अथवा अनुशंसा के आधार पर संबंधित सहकारी बैंक के माध्यम से केसीसी दिया जाएगा।
इसमें दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति, सब्जी उत्पादक सहकारी समिति और किसान उत्पादक संगठन सहित अन्य सहकारी समितियों के सदस्य शामिल होंगे। किसानों को केसीसी उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए शनिवार और रविवार को विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
बैंक के पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक पात्र किसानों को इस सुविधा से जोड़ने का निर्देश दिया गया है।
इस अभियान का उद्देश्य सहकारी समितियों से जुड़े किसानों तक संस्थागत ऋण की पहुंच बढ़ाना और खेती तथा कृषि आधारित गतिविधियों के लिए उन्हें समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है।
इस पहल से अब तक पैक्स के दायरे से बाहर रह गए दुग्ध एवं सब्जी उत्पादक समितियों के किसान सदस्यों को भी किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ मिल सकेगा। इससे कृषि के साथ-साथ पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और सब्जी उत्पादन जैसी गतिविधियों से जुड़े किसानों को भी आर्थिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।