Siwan News: दिग्गज राजद नेता के भाई को मारी गोली, बाइक सवार बदमाशों ने किया हमला
सिवान के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के संठी गांव में राजद नेता अनिल सिंह के भाई मनोज कुमार सिंह को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। मनोज कुमार सिंह पतार बाजार से घर लौट रहे थे तभी बाइक सवार बदमाशों ने हमला कर दिया। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है।
संवाद सूत्र, रघुनाथपुर (सिवान)। थाना क्षेत्र के संठी गांव में सोमवार की शाम बदमाशों ने राजद नेता सह पूर्व जिला पार्षद अनिल सिंह के भाई मनोज कुमार सिंह को गोली मार दी। सभी बदमाश घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने मदद से घायल मनोज कुमार सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, गोली की आवाज सुनकर गांव में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया।
बताया गया कि मनोज कुमार सिंह अपनी बाइक से पतार बाजार से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे गांव संठी में पहुंचे थे कि बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। गोली उनके सीने व पेट में लगी, जिससे वे गिरकर घायल हो गए।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण एकत्रित हो गए तथा घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां से चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। लोगों की मानें तो बदमाशों की संख्या कितनी थी, इसका पता नहीं चल पाया है।
बताया गया कि बदमाश मनोज कुमार सिंह का पतार बाजार से ही पीछा कर रहे थे। समाचार प्रेषण तक मामले में प्राथमिकी नहीं हुई थी। इस संबंध में थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने बताया कि पुलिस बदमाशों की पहचान करने व उनकी गिरफ्तारी के लिए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।