Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Siwan News: सिवान के छात्र-छात्राओं के लिए खुशखबरी, केंद्रीय विद्यालय का सांसद ने किया उद्घाटन

    Updated: Mon, 30 Jun 2025 03:07 PM (IST)

    सिवान के महाराजगंज में गोरख सिंह महाविद्यालय में केंद्रीय विद्यालय का उद्घाटन किया गया। सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने दीप ...और पढ़ें

    Hero Image
    सांसद और एसडीओ ने केंद्रीय विद्यालय का किया उद्घाटन। (जागरण)

    संवाद सूत्र, महाराजगंज (सिवान)। सिवान के छात्र-छात्राओं के लिए अच्छी खबर है। अनुमंडल मुख्यालय स्थित गोरख सिंह महाविद्यालय का सोमवार को उद्घाटन किया गया।

    स्थानीय सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, पूर्व विधायक हेमनारायण साह, एसडीओ अनीता सिन्हा, एसडीपीओ राकेश कुमार रंजन, केंद्रीय विद्यालय संगठन पटना संभाग के उपायुक्त अनुराग भटनागर, गोरख सिंह महाविद्यालय के अध्यक्ष सह निदेशक प्रो. अभय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर महाविद्यालय का उद्घाटन किया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    समारोह को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि आज का दिन महाराजगंज के लिए बहुत बड़ा है। इस क्षेत्र के बच्चे अब केंद्रीय विद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे।

    2011 में ही खुल जाना था विद्यालय

    उन्होंने कहा कि इस विद्यालय को महाराजगंज में 2011 में ही खुल जाना चाहिए, लेकिन किसी कारणवश दारौंदा के उजांय में शुरू किया गया, लेकिन वहां भी भवन के अभाव में बंद हो गया।

    इसके बाद मैंने इसे लोकसभा के पटल पर रखा फिर, केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मिलकर महाराजगंज में केंद्रीय विद्यालय शुरू करने का आवेदन दिया। मंत्री ने तुरंत केंद्रीय विद्यालय संगठन को इसे तुरंत शुरू करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

    सांसद ने कहा कि इस विद्यालय को शुरू करने में सबसे ज्यादा योगदान गोरख सिंह महाविद्यालय के निदेशक प्रो. अभय कुमार सिंह का है जिन्होंने बिना किसी संकोच के कॉलेज में विद्यालय खोलने की अनुमति दी।

    साथ ही जिला प्रशासन, अनुमंडल प्रशासन, केंद्रीय विद्यालय संगठन भी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की वे अपने- अपने बच्चों को केंद्रीय विद्यालय में नामांकन कराएं।

    सांसद का योगदान महत्वपूर्ण

    केंद्रीय विद्यालय संगठन पटना संभाग के उपायुक्त अनुराग भटनागर ने कहा कि विद्यालय को शुरू करने में सांसद का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने दिल्ली से लेकर पटना, सिवान तक अधिकारियों से बात कर इस विद्यालय को शुरू कराने में अपनी भूमिका निभाई है।

    उन्होंने कहा कि इस विद्यालय में अभी कक्षा एक से पांच तक की पढ़ाई होगी। प्रत्येक वर्ष एक कक्षा बढ़ेगा। उपायुक्त ने कहा कि आने वाले दिनों में 60 करोड़ की लागत से विद्यालय का भवन बनेगा।

    इसके पूर्व उपायुक्त ने सांसद, एसडीओ, एसडीपीओ, पूर्व विधायक, निदेशक को शाल व पौधा देकर सम्मानित किया। इस दौरान बच्चों ने स्वागत गान से अतिथियों का अभिनंदन किया।

    इस मौके पर प्राचार्य हेमंत कुमार साहू, भाजपा पूर्वी जिलाध्यक्ष रंजीत प्रसाद, डॉ. त्रिपुरारी शरण सिंह, राहुल सिंह, संजय सिंह राजपूत, अजय कुमार सिंह, अवधेश पांडेय के अलावा केंद्रीय विद्यालय पटना, सिवान, मोतिहारी, छपरा सहित अनेक जिले के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिका उपस्थित थे।