जनगणना 2027: रात 12 बजे तक सड़कों पर होगा सर्वे, 40 सवालों से तय होगा हर बेघर और परिवार का ब्योरा
जनगणना 2027 में इस बार मकानों और परिवारों के साथ बेघर लोगों को भी शामिल किया जाएगा। दूसरे चरण में ...और पढ़ें

जनगणना में मकान से फुटपाथ तक हर व्यक्ति होगा शामिल, दूसरे चरण में पूछे जाएंगे 40 सवाल (AI Generated Image)
HighLights
बेघर लोगों की भी होगी जनगणना में गिनती।
दूसरे चरण में हर व्यक्ति से पूछे जाएंगे 40 सवाल।
जनगणना की संदर्भ तिथि 1 मार्च रात 12 बजे निर्धारित।
जागरण संवाददाता, सिवान। जनगणना-2027 में इस बार मकानों और उनमें रहने वाले परिवारों के साथ बेघर लोगों की भी गणना की जाएगी। सड़क किनारे, फुटपाथ, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, पार्क और धार्मिक स्थलों के आसपास रात गुजारने वाले लोगों को भी जनगणना में शामिल किया जाएगा।
इसके लिए गणनाकर्मी ऐसे सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचेंगे, जहां आमतौर पर घर-घर सर्वे के दौरान पहुंचना संभव नहीं होता। बेघर आबादी के आंकड़े सामान्य आवास वाले परिवारों से अलग श्रेणी में दर्ज किए जाएंगे।
जनगणना के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना के लिए 25 जनवरी से 28 फरवरी तक की अवधि निर्धारित की गई है। इससे पहले 10 से 24 जनवरी तक लोगों को स्व-गणना का विकल्प मिलेगा।
गृह मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, जनगणना की संदर्भ तिथि एक मार्च की रात 12 बजे निर्धारित की गई है।
40 सवालों से जुटेगी व्यक्तिगत जानकारी:
दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित 40 सवाल पूछे जाएंगे। इसमें नाम, उम्र, लिंग, वैवाहिक स्थिति, धर्म, मातृभाषा, दिव्यांगता, शिक्षा और माता-पिता से जुड़ी जानकारी शामिल होगी। रोजगार, व्यवसाय, काम के प्रकार, कार्यस्थल तक आने-जाने के साधन और काम की तलाश के बारे में भी पूछा जाएगा।
इसके अलावा जन्मस्थान, पिछला निवास, पलायन का कारण और वर्तमान स्थान पर रहने की अवधि की जानकारी ली जाएगी। महिलाओं से बच्चों के जन्म और जीवित बच्चों की संख्या से संबंधित सवाल भी पूछे जाएंगे।
पहले चरण में जुटाई गई मकानों की जानकारी:
जनगणना के पहले चरण में मकानों की स्थिति और परिवारों को उपलब्ध सुविधाओं का सर्वे किया जाना निर्धारित था। इसमें मकान की प्रकृति, कमरों की संख्या, पेयजल, बिजली, शौचालय, रसोई, खाना पकाने के ईंधन और टीवी, मोबाइल, इंटरनेट, कंप्यूटर तथा वाहन जैसी सुविधाओं की जानकारी शामिल है।
रात में होगी बेघर लोगों की गणना:
बेघर लोगों की पहचान के लिए निर्धारित जनगणना ब्लॉक में उनके संभावित ठिकानों को चिह्नित किया जाएगा। जनसंख्या गणना की अंतिम तारीख की रात कर्मी इन स्थानों पर पहुंचकर वहां मौजूद लोगों की गिनती करेंगे, ताकि आवासहीन होने के कारण कोई भी व्यक्ति जनगणना से वंचित न रह जाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।