विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गांव से शहर में क्यों शिफ्ट हुए... कितने बैंक अकाउंट? जनगणना में इन 40 सवालों के देने होंगे जवाब

Published: Wed, 11 Nov 2026 03:45 PM (IST)

अमरोहा में जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियां तेजी से चल रही हैं, जिसमें नागरिकों से 40 सवाल पूछे जाएंगे।

ये तस्वीर एआई द्वारा जनरेट की गई है।

ये तस्वीर एआई द्वारा जनरेट की गई है।

HighLights

  1. जनगणना का दूसरा चरण अमरोहा में तेजी से चल रहा है।

  2. नागरिकों से 40 महत्वपूर्ण सवाल पूछे जाएंगे, जैसे बैंक खाते।

  3. स्व-गणना 16 नवंबर से, प्रगणक 1 दिसंबर से घर-घर जाएंगे।

जागरण संवाददाता, अमरोहा। जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियां तेजी के साथ चल रही हैं। इसमें जनसंख्या की गणना की जाएगी। नागरिकों से 40 सवाल पूछे जाएंगे और फार्म में भरवाने का कार्य किया जाएगा।

गांव से शहर में आए या शहर से गांव में जाकर बसे, लोगों को गणना के दौरान स्थान परिवर्तन का कारण भी बताना होगा। उसकी अवधि भी खोलनी होगी। व्यवसाय, उद्योग, व्यापार व सेवा और उसका वर्ग भी बताना पड़ेगा। कितने बैंक अकाउंट हैं, यह भी खोलना होगा। इसके अलावा अन्य सवाल भी उनमें शामिल हैं।

16 नवंबर से स्व-गणना का कार्य शुरू होगा और 30 तक चलेगा। एडीएम वित्त एवं राजस्व गरिमा सिंह ने बताया कि स्वगणना में नागरिक (https://se.census.gov.in) पर जाकर घर बैठे ही परिवार का ब्योरा फार्म में भर सकते हैं। एक दिसंबर से प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों का ब्योरा जुटाएंगे।

यह काम चार जनवरी तक चलेगा। इसके बाद 5 से नौ जनवरी तक पुनरीक्षण का काम होगा। स्व-गणना के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। अधिक से अधिक लोगों से आनलाइन फार्म भरवाने पर फोकस रहेगा। जनसंख्या गणना के लिए प्रगणकों, पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

इन 40 सवालों का देना होगा जवाब

व्यक्ति का नाम, मुखिया से संबंध, लिंग, जन्म तिथि और आयु (पूर्ण वर्षों में), वर्तमान वैवाहिक स्थिति, विवाह के समय आयु (पूर्ण वर्षों में), पति/पत्नी का नाम, घोषित राष्ट्रीयता, धर्म, अनुसूचित (अ.जा.)/अनुसूचित जनजाति (अ.जा. जाति)/जाति, पिता का विवरण, माता का विवरण, निशक्तता, मातृभाषा एवं अन्य भाषाओं का ज्ञान, साक्षरता एवं डिजिटल साक्षरता की स्थिति, शैक्षणिक संस्थान में शिक्षा ग्रहण की स्थिति, प्राप्त शिक्षा का उच्चतम स्तर तथा संकाय/विषय, पिछले वर्ष किसी भी समय कोई कामकाज किया, आर्थिक कार्यकलाप की श्रेणी, व्यवसाय, उद्योग, व्यापार अथवा सेवा का स्वरूप, कर्मी का वर्ग, गैर-आर्थिक कार्यकलाप( अल्पकालिक, अर्द्ध-अल्पकालिक और गैर कर्मी के लिए) , काम की खोज में अथवा काम के लिए उपलब्ध (अल्पकालिक, अर्द्ध-अल्पकालिक और गैर कर्मी के लिए), कार्यस्थल तक की यात्रा, जन्म स्थान, पूर्व निवास स्थान, स्थान परिवर्तन का कारण, स्थान परिवर्तन के बाद इस गांव/नगर में निवास की अवधि, स्थायी निवास स्थान का पता, वर्तमान में जीवित बच्चों की संख्या(केवल वर्तमान में विवाहित, विधवा, तलाकशुदा और संबंध विच्छेदित महिला के लिए), पिछले एक वर्ष के दौरान जीवित पैदा हुए बच्चों की संख्या (केवल वर्तमान में विवाहित महिला के लिए), कोविड-19 टीकाकरण का स्थान, बैंक खातों की कुल संख्या, मोबाइल नंबर (यदि उपलब्ध हो), आधार नंबर (यदि उपलब्ध हो), वोटर आईडी नंबर (यदि उपलब्ध हो), पासपोर्ट नंबर (यदि भारतीय पासपोर्ट धारक हैं), ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता।

4322 ब्लॉकों में बांटा गया जिला

आगामी एक दिसंबर से जनपद में जनसंख्या की गणना का कार्य शुरू होगा और चार जनवरी तक चलेगा। इस काम को शांतिपूर्वक व गहनता से कराने के लिए प्रशासन द्वारा मजबूत तैयारियां की गई हैं।

उसके द्वारा जनपद को 4322 ब्लाकों में बांटा गया है। घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना के कार्य की जिम्मेदारी 3403 प्रगणकों को सौंपी गई है। 640 सुपरवाइजर प्रगणकों के कार्यों का पर्यवेक्षण करेंगे। प्रगणक व सुपरवाइजर को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

क्षेत्र का नाम ब्लॉक की संख्या
नपं सैदनगली 45
नपं उझारी 54
नपा हसनपुर 147
हसनपुर ग्रामीण 1170
नपं जोया 43
नपा अमरोहा 635
अमरोहा ग्रामीण 684
नपं नौगावां सादात 70
नौगावां सादात ग्रामीण 437
गंगेश्वरी 142
नपा बछरायूं 69
नपा धनौरा 68
धनौरा ग्रामीण 758
कुल 4322

यह भी पढ़ें- डिजिटल जनगणना के नाम पर साइबर ठगों से रहें सावधान, किसी से न साझा करें OPT या बैंक खाते की जानकारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।