विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 23, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bihar: ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस में मिला विस्फोटक, सिवान GRP का हवलदार झोले में लेकर चला गया थाने, मचा हड़कंप

By Kirti Kumar PandeyEdited By: Roma Ragini
Published: Thu, 23 Mar 2023 08:39 AM (IST)

Gwalior Barauni Express रेल एडीजी के निर्देश पर बम निरोधक टीम रेलवे जंक्शन पर पहुंची। इस दौरान जीआरपी कार्यालय और ...और पढ़ें

सिवान जंक्शन पर ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस में मिला विस्फोटक
सिवान जंक्शन पर ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस में मिला विस्फोटक

सिवान, जागरण संवाददाता। सिवान जंक्शन पर बुधवार की सुबह ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस से विस्फोटक मिलने से हड़कंप मच गया। शराब की जांच कर रही जीआरपी को ट्रेन से संदिग्ध सामान मिला। जिसे कब्जे में लेकर जीआरपी हवलदार थाने चला गया।

थाने में पता चला कि झोले में रखा संदिग्ध सामान विस्फोटक है। जिसके बाद आननफानन में जीआरपी ने बम निरोधक टीम को सूचना दी। सूचना के बाद बुधवार की देर शाम टीम जांच करने पहुंची।

जांच में पता चला कि संदिग्ध सामान पटाखा बनाने का सामान है। मामले में जीआरपी प्रभारी ने बताया कि बुधवार की सुबह जीआरपी के हवलदार साबिर मियां ट्रेन में शराब की जांच कर रहे थे। इसी दौरान बोगी के अंदर कुछ झोलों में विस्फोटक पदार्थ मिला।

हवलदार को उस समय पता नहीं चला कि यह क्या है। वे थाने लेकर आराम से चले गए। इसके बाद जब जीआरपी के कुछ पुलिसकर्मियों ने झोले का सामान देखा तो पता चला कि झोले में विस्फोटक पदार्थ है। जिसके बाद, पटना में बम निरोधक टीम को सूचना दी गई।

इधर, रेल एडीजी के निर्देश पर बम निरोधक टीम रेलवे जंक्शन पर पहुंची। जीआरपी कार्यालय में ही विस्फोटक पदार्थ को रखा गया था। टीम सावधानी के साथ विस्फोटक पदार्थ को सुरक्षित तरीके से लेकर डिफ्यूज करने के लिए ले गई। इस दौरान जीआरपी कार्यालय और आसपास के परिसर को खाली करा दिया गया था।

बम निरोधक दस्ता टीम के शशि कुमार ने जंक्शन पर बने जीआरपी कार्यालय में प्रवेश किया और विस्फोटक पदार्थ को किसी तरीके से दो-तीन डिब्बों में लेकर बाहर निकले। जिसके बाद, कार्यालय में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

जांच के बाद बम निरोधक टीम सुरक्षा के साथ विस्फोटक अपने साथ लेकर चली गई। जीआरपी प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि जांच के बाद ही पता चलेगा कि जब्त सामान विस्फोटक था या कुछ और।