डीआरएम ने सिवान जंक्शन का किया निरीक्षण, बोले- अमृत भारत स्टेशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों को समय से करें पूर्ण
वाराणसी मंडल के रेल प्रबंधक आशीष जैन ने सिवान जंक्शन का निरीक्षण किया और विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने यात्री सुविधाओं और साफ-सफाई पर ध्यान देने के निर्देश दिए। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए कहा गया। सिवान जंक्शन के पुनर्विकास का कार्य मार्च 2026 तक पूरा होना है।
जागरण संवाददाता, सिवान। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन एक दिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को वरिष्ठ मंडलीय अधिकारियों के साथ रेलमंडल के मैरवा व सिवान जंक्शन पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने परिचालन में गाड़ियों की संरक्षा, सतर्कता एवं स्टेशनों पर साफ-सफाई हेतु भटनी-छपरा रेल खंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में मंडल रेल प्रबंधक अपनी निरीक्षण स्पेशल से भटनी-छपरा रेलखंड के मैरवा स्टेशन पहुंचे और उन्होंने मैरवा स्टेशन का गहन निरीक्षण किया।
मैरवा स्टेशन के निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपलब्ध यात्री सुविधाओं यथा प्लेटफॉर्म, पैदल उपरिगामी पुल, जल निकासी, प्रतीक्षालय, स्टेशन पैनल रुम, वाटर बूथ पर पानी की उपलब्धता, बाथिंग ट्रैक व प्लेटफॉर्म के ड्रेनेज, फूड स्टाल, सर्कुलेटिंग एरिया आदि का गहन निरीक्षण किया और साफ-सफाई एवं स्टेशन के समुचित प्रबंधन हेतु संबंधित को दिशा निर्देश दिया।
इस दौरान उन्होंने मैरवा स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों से संबंधित नक्शे का अवलोकन किया। अवलोकन के पश्चात मंडल रेल प्रबंधक ने मैरवा स्टेशन पर शेष बचे कार्य को निर्धारित अवधि में पूरा करने का संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया। इसके बाद वे सिवान जंक्शन पहुंचे।
चल रहे कार्यों की प्रगति देखी
जहां अमृत भारत स्टेशन पुनर्विकास योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति देखी। ज्ञातव्य हो कि सिवान जंक्शन के विकास के लिए 26 फरवरी 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लगभग 40.13 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया था।
इस परियोजनाओं के अंतर्गत सिवान जंक्शन का पुनर्विकास कार्य मार्च 2026 तक पूरा होना है। डीआरएम ने सभी कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने सिवान आरआरआई पैनल, प्लेटफार्म संख्या दो एवं चार पर चल रहे निर्माण कार्यों को भी देखा और सभी कार्य दैनिक यात्रियों को बिना असुविधा हुए पूर्ण करने का निर्देश दिया।
इस निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने भटनी -छपरा रेल खंड पर परिचालन में संरक्षा, ट्रैक का वाटर क्लियरेंस, पुल-पुलियाओं का वाटर लेवल, मानसून प्रिकाशन्स, सिग्नलों की दृश्यता, विकास कार्यों की प्रगति, यात्री सुविधाओं के उन्नयन, रेलवे ट्रैक के रख रखाव, ट्रैक की समुचित बैलास्टिंग, ट्रैक स्क्रीनिंग, ओवर हेड ट्रैक्शन व एलाइनमेंट, काशन आर्डर एवं ट्रैक फिटिंग्स की संरक्षा परखी।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक( इन्फ्रा) अजय सिंह, वरिष्ठ मंडल वरिष्ठ मंडल इंजीनियर प्रथम विकास कुमार, मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर (गोरखपुर) अमित मणि त्रिपाठी, सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिनेश कुमार सिंह, सहायक मंडल विद्धुत इंजीनियर(कर्षण) शिशिर श्रीवास्तव, सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी अभिषेक कुमार, जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार समेत वरिष्ठ पर्यवेक्षक उपस्थित थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।