यूपी-बिहार के यात्रियों के लिए चंडीगढ़-बरौनी स्पेशल ट्रेन का एलान, रेलवे ने जारी किया शेड्यूल
रेलवे ने त्योहारों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए चंडीगढ़-बरौनी-चंडीगढ़ साप्ताहिक आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।

23 से चलेगी चंडीगढ़-बरौनी त्योहार स्पेशल ट्रेन, सिवान होकर गुजरेगी
HighLights
चंडीगढ़-बरौनी साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन का संचालन शुरू।
ट्रेन 23 अक्टूबर से 29 नवंबर तक छह फेरे लगाएगी।
यह ट्रेन सिवान और गोरखपुर से होकर गुजरेगी।
जागरण संवाददाता, सिवान। त्योहारों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने चंडीगढ़-बरौनी-चंडीगढ़ साप्ताहिक आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
04536/04535 नंबर की यह ट्रेन गोरखपुर और सिवान होकर गुजरेगी। इससे बिहार और उत्तर प्रदेश के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
रेलवे के अनुसार, चंडीगढ़ से यह ट्रेन 23 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी। वहीं, बरौनी से 25 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को इसका परिचालन होगा। ट्रेन कुल छह फेरे लगाएगी।
04536 चंडीगढ़-बरौनी स्पेशल ट्रेन
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि ट्रेन संख्या 04536 चंडीगढ़-बरौनी त्योहार विशेष ट्रेन शुक्रवार रात 11:45 बजे चंडीगढ़ से प्रस्थान करेगी।
अगले दिन शनिवार को दोपहर 1:40 बजे गोंडा और शाम पांच बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इसके बाद शाम 6:05 बजे देवरिया सदर, 7:10 बजे सिवान और रात 8:30 बजे छपरा पहुंचेगी।
यहां से सोनपुर, हाजीपुर और शाहपुर पटोरी होते हुए रविवार रात 12:30 बजे बरौनी पहुंचेगी।
04535 बरौनी-चंडीगढ़ स्पेशल ट्रेन
वापसी में ट्रेन संख्या 04535 बरौनी-चंडीगढ़ त्योहार विशेष ट्रेन रविवार रात 2:35 बजे बरौनी से प्रस्थान करेगी।
यह सुबह 7:05 बजे छपरा, 7:55 बजे सिवान, 8:55 बजे देवरिया सदर और सुबह 10:20 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इसके बाद निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए सोमवार सुबह 3:35 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी।
16 कोच के साथ होगा परिचालन:
इस विशेष ट्रेन में वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 11, द्वितीय श्रेणी के तीन तथा जनरेटर सह लगेज यान के दो कोच समेत कुल 16 कोच लगाए जाएंगे। रेलवे की इस पहल से त्योहारों के दौरान लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
