विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली पर यूपी-बिहार जाने वाले यात्रियों के छूटे पसीने, टिकट के लिए मारामारी

Published: Tue, 20 Oct 2026 09:12 AM (IST)

दिवाली के त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों को ट्रेनों में सीटें नहीं मिल रही हैं, जिससे उत्तर प्रदेश, बिहार और बंगाल जाने वाली ट्रेनें पूरी तरह भर चुकी हैं।

ट्रेन में टिकट के लिए मारामारी ( एआई जेनरेटेड इमेज )

ट्रेन में टिकट के लिए मारामारी ( एआई जेनरेटेड इमेज )

HighLights

  1. दिवाली पर उत्तर प्रदेश, बिहार की ट्रेनें फुल।

  2. गुड़गांव से चलने वाली ट्रेनों में वेटिंग टिकट भी नहीं।

  3. यात्रियों को तत्काल टिकट, बसों का लेना पड़ रहा सहारा।

विनय त्रिवेदी, गुरुग्राम। दिवाली पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों को ट्रेनों में सीटें नहीं मिल रही हैं।

उत्तर प्रदेश, बिहार और बंगाल की तरफ जाने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में सीटें अभी से ही फुल हो गई हैं। कई एक्सप्रेस ट्रेनों में वेटिंग टिकट भी नहीं मिल रहे।

टिकट के लिए मारामारी

इस बार दिवाली आठ नवंबर को है। लेकिन, एक पखवाड़े पहले ही ट्रेनों में मारामारी शुरू हो गई है। गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से उत्तर प्रदेश, बिहार और बंगाल के लिए सीधी ट्रेनें काफी कम संख्या में संचालित होती हैं।

इस वजह से बड़ी संख्या में यात्री दिल्ली से रिजर्वेशन कराते हैं। लेकिन, दिल्ली से चलने वाली अधिकतर ट्रेनों में भी सीटें फुल हैं।

गुरुग्राम से होकर गुजरने वाली कई एक्सप्रेस ट्रेनों में हालात ऐसे हैं कि वेटिंग टिकट भी नहीं मिल पा रहे हैं। ऐसे में लखनऊ, गोरखपुर, बिहार और बंगाल जाने वाले यात्रियों को जनरल डिब्बों या बसों का सहारा लेना पड़ेगा।

फेस्टिव सीजन में बढ़ जाती है यात्रियों की संख्या 

स्टेशन अधीक्षक के अनुसार, त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या दो से तीन गुना बढ़ जाती है। इस बार भी दिवाली से एक सप्ताह पहले से ही भीड़ बढ़ने की उम्मीद है।

बहुत से यात्री अब तत्काल टिकट के भरोसे हैं। स्टेशन पर ट्रेन आने से 24 घंटे पहले तत्काल टिकट लिया जा सकता है। लेकिन, दिवाली की भीड़ के चलते तत्काल टिकट भी आसानी से मिलना मुश्किल होगा। लोग ऑनलाइन के साथ-साथ विंडो टिकट के लिए भी रेलवे स्टेशन पहुंच रहे हैं।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों को देखते हुए स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना है। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि स्पेशल ट्रेनें कितनी और कहां से चलाई जाएंगी।  

5 से 8 नवंबर तक ट्रेनों में वेटिंग की स्थिति

5 नवंबर : 12372 बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस में स्लीपर 109, थर्ड एसी 95, सेकेंड एसी 48 और फर्स्ट एसी में रिग्रेट है। 15716 गरीब नवाज एक्सप्रेस में स्लीपर 159 वेटिंग है, जबकि थर्ड, सेकेंड और फर्स्ट एसी में रिग्रेट है।


6 नवंबर : 20939 साबरमती-सुल्तानपुर एक्सप्रेस और 19269 पोरबंदर-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस में स्लीपर, थर्ड एसी और सेकेंड एसी में रिग्रेट है।

7 नवंबर : 19601 उदयपुर-निजामुद्दीन एक्सप्रेस में स्लीपर 191, थर्ड एसी 140 वेटिंग है। सेकेंड एसी में रिग्रेट है। 19269 पोरबंदर-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस में सभी क्लास में रिग्रेट है।

8 नवंबर : गुड़गांव से लखनऊ की तरफ कोई सीधी ट्रेन नहीं है।

ट्रेन में सीटें फुल तो ये विकल्प आ सकते हैं काम

तत्काल टिकट और प्रीमियम तत्काल टिकट, प्रीमियम तत्काल में किराया ज्यादा होता है। लेकिन, टिकट मिलने की संभावनाएं ज्यादा होती हैं।

बस: इफको चौक, कश्मीरी गेट, धौला कुआं, आनंद विहार, सराय काले खां से निजी लग्जरी बसें मिलती हैं।

ब्रेक जर्नी टिकट: सीधी ट्रेन नहीं मिल रही तो तोड़ कर टिकट लें। जैसे गुरुग्राम से दिल्ली, दिल्ली से लखनऊ, लखनऊ से गोरखपुर। रेलवे के नियमानुसार एक पीएनआर पर भी ब्रेक जर्नी बुक कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें- दिवाली पर झुलसे तो राम भरोसे जान! सोनीपत के किसी भी सरकारी अस्पताल में नहीं है बर्न यूनिट