बेटी की शादी के बाद अब अनंत सिंह की विधायकी पर फैसला, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने बताया अगला कदम
मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता पर सबकी निगाहें टिकी हैं। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में दोनों पक्षों को सुनने के बाद ही निर्णय लिया जाएगा।

सिवान में डॉ. प्रेम कुमार का स्वागत करते समर्थक। जागरण
HighLights
अनंत सिंह की विधायकी पर विधानसभा अध्यक्ष का बयान।
दोनों पक्षों को सुनने के बाद ही होगा अंतिम फैसला।
जदयू ने अनंत सिंह की सदस्यता समाप्त करने की मांग की।
संवाद सूत्र, भगवानपुर हाट (सिवान)। मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी संपन्न होने के बाद अब उनकी विधानसभा सदस्यता और सरेंडर को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
खासकर उनकी विधायकी पर सबकी निगाहें टिकी हैं। इस बीच विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने सदस्यता को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि इस मामले में दोनों पक्षों को सुनने के बाद ही निर्णय लिया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और विधायक अनंत सिंह का पक्ष सुनने के बाद नियमानुसार फैसला लिया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पक्ष को सुने बिना इस मामले में निर्णय नहीं किया जाएगा। डॉ. प्रेम कुमार गुरुवार की देर शाम भगवानपुर हाट के महमदपुर गांव स्थित चंवर में सहनी मत्स्य उत्पादन सह बिक्री केंद्र परिसर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
जदयू ने सदस्यता समाप्त करने के लिए दिया है पत्र
दरअसल, विधान परिषद चुनाव के दौरान जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के विरोध में अनंत सिंह के खुलकर उतरने के बाद विवाद शुरू हुआ था।
उन्होंने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी अनुज कुमार का समर्थन किया था। हालांकि, चुनाव में अनुज कुमार को सफलता नहीं मिली।
इसके बाद जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने 24 अक्टूबर को अनंत सिंह की पार्टी की प्राथमिक सदस्यता समाप्त करने के साथ ही उनकी विधानसभा सदस्यता खत्म करने की मांग करते हुए विधानसभा अध्यक्ष को पत्र सौंपा था।
नोटिस के जवाब के लिए मांगा था समय
जदयू की ओर से पत्र दिए जाने के बाद विधानसभा सचिवालय ने अनंत सिंह को नोटिस जारी किया था। उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया था।
इस पर विधायक ने अपनी बेटी की शादी का हवाला देते हुए 30 नवंबर तक का समय मांगा था। अब बेटी की शादी संपन्न होने के बाद उनकी विधायकी से जुड़े मामले में आगे की कार्रवाई पर सबकी नजर है।
विधानसभा अध्यक्ष के ताजा बयान से साफ है कि सदस्यता पर अंतिम फैसला दोनों पक्षों को सुनने के बाद ही होगा। इस बीच अनंत सिंह के सरेंडर को लेकर भी राजनीतिक और कानूनी हलकों में चर्चा बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- अनंत सिंह की बेटी की शादी में वर्दी पहनकर खाना परोसना होमगार्ड जवान को पड़ा महंगा, लाइन हाजिर
यह भी पढ़ें- लाल नहीं, अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की मांग में सजा गुलाबी 'भखरा सिंदूर'! क्या है बिहार की इस परंपरा का महत्व