बिहार के निर्माता थे ब्रजकिशोर बाबू : अरुण
सिवान, निसं : शहर के श्रीनगर स्थित विद्या एवं चाइल्ड विद्यालय के प्रांगण में शनिवार को स्वतंत्रता सेनानी ब्रजकिशोर प्रसाद की 134 वीं जयंती मनायी गयी। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के मुख्य उप सचेतक अरूण कुमार सिन्हा ने ब्रजकिशोर प्रसाद के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर किया। बतौर मुख्य अतिथि अरुण कुमार सिन्हा ने ब्रजकिशोर बाबू के बारे में बताया कि वह बिहार के निर्माता थे तथा हमें उनके उपदेश पर चलने की प्रेरणा लेनी चाहिए। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक व्यासदेव प्रसाद ने ब्रजकिशोर जी की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम में गांधी जी जब चंपारण आये थे तो उन्होंने स्वयं आकर ब्रज किशोर बाबू से अपना सहयोग देने का निवेदन किया था तथा उन्होंने यह भी कहा था कि यह बिहार ब्रजकिशोर बाबू का बिहार है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों के द्वारा यह मांग उठाई गयी कि उनकी प्रतिमा जिले में स्थापित की जाये। इस पर विधायक व्यासदेव प्रसाद ने यह जानकारी दी कि स्थल का निरीक्षण कर लिया गया हैं तथा सारी प्रकिया पूरी कर ली गयी है और सिवान सदर प्रखंड कार्यालय परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित की जायेगी। कार्यक्रम में विधायक पुत्र आशीष सिन्हा, अब्दुल हन्नान, केदारनाथ प्रसाद, प्रमील कुमार गोप, अनिल प्रकाश सिन्हा, संतोष सिंह, हरिनारायण सिन्हा एवं अन्य गणमान्य लोगों ने उनके कृतित्व व व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला एवं उनके रास्ते पर चलने का संकल्प लिया। सभा की अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष शंकर जी गिरी एवं मंच संचालन दारोगा प्रसाद राय कालेज के प्राचार्य सुभाष चंद्र यादव ने किया। वहीं दूसरी ओर डीएवी शताब्दी पब्लिक स्कूल के प्रागंण में स्वतंत्रता सेनानी ब्रजकिशोर बाबू की जयंती मनायी गयी। कार्यक्रम में स्कूल के प्राचार्य डा. केएन सिंह ने ब्रज किशोर बाबू के बताए पथ पर चलने तथा उनके दिए गए उपदेश पर अमल करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बच्चों के बीच वस्त्र वितरण किया गया। कार्यक्रम में शिक्षक डा. हरिशंकर श्रीवास्तव, मुरारी पाठक, आर के झा एवं पंकज कुमार आदि शामिल थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।