रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस और दरभंगा-गोमतीनगर अमृत भारत एक्सप्रेस को मिला नया स्टॉपेज, चेक करें शेड्यूल
रीगा रेलवे स्टेशन पर रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस और दरभंगा-गोमतीनगर अमृत भारत एक्सप्रेस का ठहराव शुरू हो गया है। सांसद लवली आनंद ...और पढ़ें

रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस और दरभंगा-गोमतीनगर अमृत भारत एक्सप्रेस को मिला नया स्टॉपेज
HighLights
रीगा स्टेशन पर दो एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव शुरू।
सांसद लवली आनंद और पूर्व सांसद आनंद मोहन ने हरी झंडी दिखाई।
स्थानीय लोगों और यात्रियों में खुशी, सुविधाओं की मांग।
संस/संसू, रीगा। रीगा रेलवे स्टेशन पर रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस (17005/17006) एवं दरभंगा-गोमतीनगर अमृत भारत एक्सप्रेस (15561) का ठहराव होगा। इसकी शुरुआत शनिवार से हो गई।
शनिवार की शाम शिवहर सांसद लवली आनंद, पूर्व सांसद आनंद मोहन एवं स्थानीय विधायक बैद्यनाथ प्रसाद ने हरी झंडी दिखाकर दोनों ट्रेनों को रवाना किया। ट्रेनों के ठहराव की शुरुआत को लेकर स्थानीय लोगों एवं रेल यात्रियों में खुशी है।
रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस
रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस सं.17005 रीगा स्टेशन पर दोपहर 3:08 बजे पहुंचेगी और 3:10 में प्रस्थान करेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 17006 सुबह 4:23 बजे पहुंचेगी और 4:25 बजे चलेगी।
दरभंगा-गोमतीनगर अमृत भारत एक्सप्रेस
वहीं, दरभंगा-गोमतीनगर अमृत भारत एक्सप्रेस 15561 शाम 4:21 बजे पहुंचेगी और 4:25 बजे चलेगी। इस अवसर पर सांसद लवली आनंद ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र के लोगों की मांगों को गंभीरता से लिया जाएगा।
उन्होंने आश्वासन दिया कि रीगा स्टेशन पर अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव के लिए भी पहल की जाएगी। इस संबंध में शीघ्र ही रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर इससे अवगत कराया जाएगा। साथ ही, रीगा रेलवे स्टेशन को मॉडल स्टेशन के रूप में विकसित कराने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं, पूर्व सांसद आनंद मोहन ने कहा कि चुनाव से पहले उन्होंने वादा किया था कि उसे पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रीगा क्षेत्र में ओवरब्रिज, रीगा चीनी मिल और जगत जननी मां सीता की प्राकट्य स्थली जैसी महत्वपूर्ण धरोहरें मौजूद हैं। क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार प्रयास किए जाएंगे।
स्थानीय लोगों ने कहा कि रीगा सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां से बड़ी संख्या में यात्री देश के विभिन्न हिस्सों में आवागमन करते हैं। ऐसे में प्रमुख ट्रेनों का ठहराव शुरू होने से यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।
हालांकि, लोगों ने स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार करने, बेहतर प्रबंधन, साफ-सफाई और अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई। मौके पर स्टेशन अधीक्षक एवं रेलकर्मियों ने अतिथियों को शाल और बुके देकर सम्मानित किया।
मौके पर सांसद प्रतिनिधि नंदलाल सिंह, मुकेश भूषण सिंह, नागेंद्र प्रसाद सिंह, रमन प्रताप सिंह, मुखिया प्रतिनिधि कामेश नंदन सिंह, चंद्रमोहन यादव, अमरनाथ सिंह, नीलेश झा, अरुण कुमार सिंह, पुरुषोत्तम पुष्पेश, विजय पासवान, शंभू पासवान सहित दर्जनों जनप्रतिनिधि, गण्यमान्य नागरिक एवं रेल यात्री उपस्थित थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।