Bihar Politics: यात्रा के बहाने NDA के गढ़ में सेंधमारी की तैयारी, 3 सीटों पर राहुल गांधी का फोकस
राहुल गांधी के नेतृत्व में वोटर अधिकार यात्रा सासाराम से शुरू होकर सीतामढ़ी पहुंचेगी। रुन्नीसैदपुर में स्वागत के बाद राहुल गांधी डुमरा में रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन जानकी मंदिर में दर्शन के बाद रीगा के लिए रवाना होंगे। यात्रा तीन विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी जहां एनडीए का कब्जा है। इस यात्रा को महागठबंधन द्वारा एनडीए के गढ़ में सेंध लगाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
अवध बिहारी उपाध्याय, सीतामढ़ी। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में सासाराम से शुरू हुई वोटर अधिकार यात्रा बुधवार को रुन्नीसैदपुर के रास्ते सीतामढ़ी में प्रवेश करेगी। रुन्नीसैदपुर कृषि भवन परिसर में उनका स्वागत होगा। उनके साथ बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव भी मौजूद रहेंगे। यहां के बाद राहुल गांधी सीतामढ़ी के डुमरा हवाई अड्डा मैदान देर शाम पहुंचेंगे, जहां पार्टी की ओर से बनाए गए टेंट में रात्रि विश्राम करेंगे।
28 अगस्त की सुबह यहां से रोड शो करते हुए रजत द्वार जानकी मंदिर पहुंच दर्शन पूजन करेंगे। फिर यहां से रीगा विधानसभा के लिए यात्रा प्रारंभ होगी। यह यात्रा तीन विधानसभा सीटों से होकर गुजरेगी। मौजूदा समय में इन तीनों सीटों (रुन्नीसैदपुर, सीतामढ़ी व रीगा विधानसभा) पर एनडीए का कब्जा है।
रुन्नीसैदपुर पर जदयू के पंकज कुमार मिश्रा तो सीतामढ़ी में डॉ. मिथिलेश कुमार और रीगा विधानसभा सीट पर भाजपा के मोतीलाल प्रसाद काबिज हैं। मोतीलाल प्रसाद अभी बिहार सरकार में कला-संस्कृति और युवा विभाग के मंत्री हैं। रीगा विधानसभा सीट पर 2020 के चुनाव में कांग्रेस रनर की भूमिका रही।
यहां पर भाजपा के मोतीलाल प्रसाद ने कांग्रेस के अमित कुमार टुन्ना को हराया और विधायक फिर मंत्री बने। वहीं इसके पूर्व 2015 में कांग्रेस के अमित कुमार टुन्ना ने भाजपा के मोतीलाल प्रसाद को पराजित किया था।
बताते चलें कि वर्ष 2015 के विधानसभा चुनाव में इन तीनों सीट पर महागठबंधन की जीत हुई थी, उस समय नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जदयू भी उनके साथ थी। लेकिन, वर्ष 2020 में नीतीश कुमार के अलग होते ही बाजी पलट गई।
राहुल गांधी की यह यात्रा खासतौर पर जिन तीन विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी वह यादव, कुशवाहा और अति पिछड़ा बाहुल्य है। इसे चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। रुन्नीसैदपुर विधानसभा की बात करें तो जनसंख्या के हिसाब से यहां अनुसूचित जाति के लगभग 12.27 प्रतिशत मतदाता हैं।
मुस्लिम मतदाताओं की संख्या लगभग 15 प्रतिशत से अधिक है, जो इस सीट पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं सीतामढ़ी विधानसभा क्षेत्र में जातीय समीकरण भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यहां मुस्लिम, ब्राह्मण-राजपूत और यादव मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं।
मुस्लिम वोटरों की संख्या भी इस सीट पर ज्यादा है, लेकिन ब्राह्मण-राजपूत और यादव वोटर भी यहां के चुनाव परिणाम पर असर डालते हैं। सीतामढ़ी विधानसभा क्षेत्र में अनुसूचित जाति के मतदाताओं की संख्या लगभग 10.39 प्रतिशत है। यहां मुस्लिम मतदाताओं की संख्या लगभग 18.5 है।
इस सीट पर 74.47 प्रतिशत ग्रामीण और 25.55 प्रतिशत शहरी मतदाता हैं। यहां यादव और कुशवाहा जाति की भी संख्या ठीकठाक है। इसके बाद वैश्य और सवर्ण मतदाता आते हैं जो चुनाव के परिणाम को प्रभावित करते हैं, जबकि रीगा विधानसभा क्षेत्र में यादव, राजपूत और ब्राह्मणों की आबादी सबसे अधिक है।
इसके अलावा, कुशवाहा वोटर भी निर्णायक भूमिका निभाते हैं। यही वजह है कि जातीय समीकरण के आधार पर एनडीए विशेषकर भाजपा को यहां बढ़त मिलती है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की इस यात्रा को महागठबंधन एनडीए के किले में सेंधमारी करने का प्रयास माना जा रहा है।
जोश में है नेता व कार्यकर्ता:
वोटर अधिकार यात्रा की तैयारी को लेकर महागठबंधन दल के नेता और कार्यकर्ता पूरे जोश में हैं। यात्रा के लिए कांग्रेस ने महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री सह विधायक असलम शेख को पर्यवेक्षक बनाया है। स्वागत और यात्रा के संचालन को लेकर आईएनडीआईए की तैयारी समिति मुस्तैदी से काम कर रही है।
तैयारी समिति के सदस्य सह प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि मो. शम्स शाहनवाज ने बताया कि राहुल गांधी के स्वागत को लेकर तैयारी जोर शोर से चल रही है। मां जानकी का आशीर्वाद लेकर राहुल गांधी यहां से रीगा के रास्ते बैरगनिया जाएंगे। उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। सीतामढ़ी जिला में उनकी यात्रा ऐतिहासिक होगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।