Bihar Politics: रुन्नीसैदपुर विधानसभा NDA कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन, सीएम नीतीश के नेतृत्व पर जोर
रून्नीसैदपुर में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में नेताओं ने बिहार में एनडीए की लहर का दावा किया। शाहनवाज हुसैन ने उद्योगों के विकास और किसानों की आय में वृद्धि की बात कही। अशोक चौधरी ने सीतामढ़ी के विकास के लिए करोड़ों रुपये की योजनाओं की जानकारी दी। राजीव प्रताप रूडी ने पलायन के लिए लालू सरकार को दोषी ठहराया।
संवाद सहयोगी,रुन्नीसैदपुर। रुन्नीसैदपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत उच्च विद्यालय मोरसंड के परिसर में रविवार को आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में मौजूद मंत्री व वरिष्ठ नेताओं ने एकजुटता का संदेश देते दावा किया कि बिहार में एनडीए की लहर है।
सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा के जिलाध्यक्ष मनीष कुमार गुप्ता ने की तथा संचालन जदयू के जिलाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह कुशवाहा ने किया। सम्मेलन को संबोधित करते पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार में उद्योगों का विकास हुआ है। किसानों की आमदनी बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि विकास एनडीए ने किया है और विकास एनडीए हीं करेगा। उन्होंने कहा कि इस विकास की धारा को रुकने नहीं देना है। माय समीकरण सिर्फ परिवार का समीकरण बनकर रह गया है। विपक्ष के लोग मुसलमानों को सिर्फ टोपी पहनाते हैं, इज्जत नहीं देते। 2025 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा।
उन्होंने दावा किया कि एनडीए की जीत 200 से अधिक सीटों पर होगी। तेजस्वी यादव इस बार विपक्ष का नेता भी नहीं बन पाएंगे। उन्होंने नारा दिया कि 'आएगा एनडीए, छाएगा एनडीए तथा जीतेगा एनडीए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की लहर से विपक्षी दलों में खलबली मची है।
परिवहन मंत्री शीला मंडल ने कहा कि बिहार में पंचायती राज में महिलाओं के लिए आरक्षण की व्यवस्था महिला सशक्तिकरण की दिशा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक क्रांतिकारी कदम माना जाएगा। इसके अलावा आंगनबाड़ी व जीविका से जुड़कर महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हुई है। शिक्षा,सड़क, बिजली व स्वास्थ्य के क्षेत्र में बिहार में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि इस वर्ष सीतामढ़ी के विकास को लेकर 772 करोड़ रुपये की राशि के कार्य की स्वीकृति दी है। रुन्नीसैदपुर में 60 पुल के साथ 56 सड़कों के निर्माण की स्वीकृति मिली है। इस निर्माण पर करीब 100 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से पूर्व बिहार के बजट 24000 करोड़ की राशि को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 3 लाख 18 हजार करोड़ रुपये की राशि तक पहुंचाया है।
860 मेगावाट बिजली की खपत को करीब 8000 मेगावाट तक पहुंचा दिया है। 125 यूनिट बिजली की खपत को फ्री कर गरीबों को राहत दी है। वृद्धावस्था पेंशन की राशि 400 रुपए को बढ़ाकर 1100 कर दिया है। वर्ष 2005 से पहले बिहार में विकास के बदले अगड़ा-पिछड़ा,हिंदू-मुस्लिम के बीच झगड़ा, नक्सलवाद का आतंक छाया था।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संकल्प से सूबे शांति व अमन कायम है। पूरे देश के लोग बिहार में उद्योग लगाना चाहते हैं। बिहार की गिनती एक बीमारू राज्य में होती थी। 2005 में विकास दर 2.5 था तथा प्रति व्यक्ति आय 7000 रुपये थी। आज बिहार का विकास दर 10.04 फीसद तथा प्रति व्यक्ति आय 66000 रुपये तक पहुंच गई है।
पूर्व मंत्री व सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि बिहार से बाहर पलायन के लिए लालू प्रसाद का शासन जिम्मेदार है। उस समय की मजबूरी व बेरोजगारी की स्थिति से बेहाल नौजवानों ने बिहार से बाहर का रास्ता अपनाया। बिहार के लोग जहां भी रहे अपनी पहचान बनाई।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश के बीस वर्षों के शासनकाल में बिहार पूरी तरह से सज चुका है। कुछ लोग इसे लपक लेना चाहते हैं। इस बार का चुनाव बिहार के भविष्य की राजनीति को तय करने वाला है।
उन्होंने लोगों से सतर्क व एकजुट रहकर निर्णय लेने की अपील की। सम्मेलन को संबोधित करनेवालों में हम के राष्ट्रीय महासचिव राजेश पाण्डेय, लोजपा(रा)के पंकज पासवान, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के संतोष गुप्ता,पूर्व सांसद राम कुमार शर्मा, विधायक पंकज कुमार मिश्रा,मिथिलेश कुमार, गायत्री देवी, विधान पार्षद रेखा कुमारी, पूर्व विधायक राम नरेश यादव, पूर्व मंत्री रंजू गीता, भाजपा नेता प्रो.वीरेंद्र प्रसाद सिंह, अरुण गोप ,राम लक्ष्मण सिंह कुशवाहा व हरिद्वार राय पटेल आदि प्रमुख थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।