प्रखंडों में हर्षोल्लास के साथ मनी छठ
लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ का सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही समापन हो गया।
सीतामढ़ी। लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ का सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही समापन हो गया। रविवार की शाम विभिन्न नदी-घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया गया। इस दौरान इलाके में जश्न का माहौल रहा।पुपरी (सीतामढ़ी), संस : छठ के मौके पर सोमवार की सुबह विभिन्न तालाबों व नदियों के घाटों पर जुटे श्रद्धालुओं ने उदीयमान सूर्य को पूरी श्रद्धा से अर्घ्य दिया। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व हर्षोल्लास के बीच संपन्न हो गया। राग-द्वेष, ऊंच- नीच और जात-पात को भूलकर छठ घाटों पर जुटे श्रद्धालुओं ने आपसी समरसता का परिचय दिया। उदयीमान सूर्य के इंतजार में काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूरी रात नदी व तालाब के घाटों पर ही गुजारी। छठ मइया के गीतों ने पूरी रात ऐसे लोगों का उत्साह बरकरार रखा। शहर के बुधनद नदी, भूलन चौक, प्रखंड कार्यालय, मिट्ठा हाट, झझिहट स्थित तालाबों से लेकर हरदिया, रामपुर, पचासी, गंगापट्टी समेत अन्य घाटों भीड़ उमड़ी रहीं। उधर, विधायक सैयद अबू दोजना ने छठ के मौके पर विधानसभा क्षेत्र के सुरसंड, चोरौत व पुपरी प्रखंड अंतर्गत दर्जनों गांवों के छठ घाटों का भ्रमण कर लोगों को छठ की शुभकामनाएं दी। उन्होंने घाटों पर प्रशासन द्वारा की गई तैयारी की जानकारी भी ली। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनी। शहर के भूलन चौक पर विधायक का मुखिया माधो राम, वार्ड सदस्य रानी देवी, सैमुन खातून, मदन साह व लालबाबू मंडल ने स्वागत किया। भ्रमण के दौरान विधायक के साथ मो. इसरारुल हक पप्पू, असरफ अली अंजुम, रामनाथ यादव, रामबाबू यादव, मो मुर्तजा, रविन्द्र यादव, मो सादाब, संतोष राय, मो गुफरान, मो गुलाब व मो जूही समेत दर्जनों लोग मौजूद थे।
आस्था व भक्ति में डूबा रुन्नीसैदपुर
रून्नीसैदपुर (सीतामढ़ी) : रुन्नीसैदपुर में रविवार की शाम व सोमवार की सुबह छठ पूजा के लिए बनाए गए घाटों पर भगवान भास्कर की पूजा के लिए आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हालांकि लखनदेई नदी में व्याप्त गंदगी व दुर्गंधयुक्त पानी के कारण इस वर्ष आंगन के तालाब से भगवान भास्कर को अर्घ्य देने वाले व्रतियों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। छठ के दौरान कई जगहों पर दंडवत करते व्रती छठघाट तक पहुंचे। आस्था व श्रद्धा के साथ घाट तक पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान दीनानाथ को अर्घ्य देते अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर स्थानीय विधायक मंगीता देवी अपने पति व राजद नेता भारतभूषण समेत कई कार्यकर्ताओं के साथ
छठ घाटों पर जाकर व्रतियों को शुभकामनाएं दी। जबकि रालोसपा नेता पंकज कुमार मिश्रा, जिला पार्षद रूबी कुमारी व ओम भारती ने इलाके के बघाड़ी टिकौली व गंगवारा तथा रून्नीसैदपुर बाजार के घाटों पर भ्रमण कर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए जगह-जगह पुलिस की तैनाती के अलावा सघन गश्त की व्यवस्था की गयी थी।
उत्सवी माहौल में रंगा रहा बोखड़ा
बोखड़ा (सीतामढी) : प्रखंड क्षेत्र में लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ का सोमवार को विधिवत समापन हो गया। प्रखंड के धांधी गांव के पुरानी पोखर के बीच भगवान सूर्य की प्रतिमा स्थापित कर धूमधाम से पूजा-अर्चना की गई। धाधी काला पोखर स्थित छठ घाट, कुरहर, खरका, नयाटोल, भाऊर, सतेर, बुधनगरा, चकौती व बोखड़ा समेत अन्य कई स्थानों पर छठ घाटों को दुल्हन की तरह सजाया गया था। पर्व के दौरान पूर्व सांसद सीताराम
यादव, मुखिया संघ के अध्यक्ष सह कुरहर मुखिया पंकज कुमार पटेल, प्रेम पटेल, प्रमुख हुकुमदेव नारायण यादव, मुखिया उषा देवी, भाऊर के मुखिया दशरथ पासवान व जिला पार्षद संदीप कुमार पटेल ने छठ घाटों का दौरा कर लोगों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दी। जबकी बीडीओ महेश्वर पंडित व प्रखंड प्रमुख हुकुमदेव यादव ने बनौल, गोढौल, बुधनगरा व बोखड़ा पंचायत के कई छठ घाटों का दौरा किया।
सुरसंड में शांति से मना छठ
सुरसंड (सीतामढ़ी) संस : सुरसंड में लोक आस्था का महापर्व छठ शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। प्रखंड के ऐतिहासिक बाबा गरीबनाथ तालाब, हरसार पोखर व बाबा हरओल दास तालाब को दुल्हन की तरह सजाया गया था। इसमें पूर्व प्रखंड प्रमुख गीता देवी व राजू कुमार सोनी के अलावा समाजसेवी शत्रुघ्न राउत उर्फ मलखान ¨सह तथा जेपी सेनानी रामस्वार्थ पासवान ने सहयोग दिया। थानाध्यक्ष अजय कुमार, अवर निरीक्षक शकील अहमद, आरएस पासवान, विधायक अबू दोजाना, जिला पार्षद कामिनी झा आदि ने विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उधर, हरारी दुलारपुर व बुढा पोखर में भगवान सूर्य की प्रतिमा स्थापित पूजा अर्चना की गई।
मेजरगंज में भी दिखा उत्साह
मेजरगंज (सीतामढ़ी) संस : मेजरगंज प्रखंड मुख्यालय समेत ग्रामीण इलाकों में छठ महापर्व शांति व उल्लास के साथ संपन्न हुआ। लोगों ने विभिन्न नदी घाटों पर आस्था की डूबकी लगाई, साथ ही भगवान सूर्य को श्रद्धा व भक्ति का अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान इलाके में मेले सा मंजर रहा। बीडीओ सुमन ¨सह व थानाध्यक्ष सैफ अहमद समेत तमाम अधिकारी सशस्त्र बल के साथ कैंप करते रहे। जबकि बेलाही जयराम गांव में आस्था का सैलाब उमड़ता दिखा। लोग दो किमी लंबे दुर्गम रास्तों के जरिए दंड प्रणाम करते हुए बेलाही जयराम स्थित बागमती पुरानी धार पहुंचे और भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया।
बथनाहा में उमड़ा आस्था का सैलाब
बथनाहा (सीतामढ़ी) : बथनाहा में भी सूर्योपासना के महापर्व छठ पर विभिन्न घाटों पर रविवार की शाम एवं सोमवार की सुबह आस्था का सैलाब उमड़ता दिखा। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही इस महान पर्व का समापन हो गया। छठ के दौरान रालोसपा प्रखंड अध्यक्ष जय किशोर ¨सह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने घूम-घूम कर श्रद्धालुओं की सेवा की। सुरक्षा व्यवस्था के लिए बथनाहा थानाध्यक्ष संतोष शर्मा, सहियारा थानाध्यक्ष राकेश कुमार व अवर निरीक्षक सतीश चंद्र ¨सह सशस्त्रबल के साथ इलाके में गश्त लगाते रहे।
मंगलाधाम नवग्रह मंदिर में महाआरती
बाजपट्टी (सीतामढ़ी) बाजपट्टी में सूर्योपसना का महापर्व छठ हर्षोल्लास के साथ क्षेत्र के विभिन्न तालाबों व अधवारा नदी के विभिन्न घाटों पर मनाया गया। प्रखंड परिसर स्थित मंगलाधाम नवग्रह मंदिर में सूर्य की स्थापित प्रतिमा की पूजा-अर्चना की गई। मंदिर को भव्य ढंग से सजाया गया था। सोमवार की सुबह यहां भगवान सूर्य की महआरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।