विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मजदूर पिता की बेटी खेल मैदान में बनी बिहार की शेरनी, राष्ट्रीय स्तर पर जलवा

Published: Mon, 02 Nov 2026 03:20 PM (IST)

सीतामढ़ी की 16 वर्षीय शिवानी कुमारी ने कठिन आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद कबड्डी में राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय सफलता हासिल ...और पढ़ें

सीतामढ़ी निवासी शिवानी कबड्डी

सीतामढ़ी निवासी शिवानी कबड्डी

HighLights

  1. आर्थिक तंगी के बावजूद शिवानी ने कबड्डी में राष्ट्रीय पहचान बनाई।

  2. चार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बिहार का सफलतापूर्वक प्रतिनिधित्व किया।

  3. बेस्ट डिफेंडर का खिताब जीता, स्कूटी और नकद पुरस्कार मिला।

अमित सौरभ, सीतामढ़ी। दीपावली पर जब घर-आंगन में मां लक्ष्मी के स्वागत की तैयारी हो रही है, तब शिवानी अपने माता-पिता के संघर्ष को सफलता की रोशनी से रोशन कर रही हैं। उनकी उपलब्धियां पूरे परिवार के लिए गर्व और गांव की दूसरी बेटियों के लिए उम्मीद की किरण हैं।

सोनबरसा प्रखंड के लक्ष्मीपुर गांव की 16 वर्षीय शिवानी कुमारी ने कठिन आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद कबड्डी में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर घर परिवार के साथ इलाके का भी नाम रोशन किया है।

कमला बालिका उच्च विद्यालय, डुमरा में 12वीं की छात्रा शिवानी पांच भाई-बहनों में तीसरे स्थान पर हैं। उनके पिता रामप्रवेश महतो गुजरात की एक कंपनी में मजदूरी करते हैं, जबकि मां किरण देवी गृहिणी हैं।

बावजूद इसके शिवानी आज कबड्डी के मैदान में अपनी फुर्ती, दमखम और शानदार रक्षण से पहचान बना रही हैं। चार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बिहार का प्रतिनिधित्व करनेवाली शिवानी ने साबित कर दिया कि सपनों की उड़ान गरीबी की चौखट पर नहीं रुकती। हौसले बुलंद हों तो गांव की पगडंडियों से निकलकर भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।

गांव के मध्य विद्यालय से प्रारंभिक शिक्षा लेने के बाद शिवानी ने 2023 में एकलव्य कबड्डी प्रशिक्षण केंद्र में चयन के लिए अभ्यास शुरू किया।

कोच मेनका के प्रशिक्षण और कबड्डी संघ के चेयरमैन पंकज कुमार सिंह के मार्गदर्शन में उन्होंने खेल की बारीकियां सीखीं। शिवानी ने 2024 में मध्य प्रदेश और गया तथा 2025 में उत्तराखंड और हरियाणा में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बिहार का प्रतिनिधित्व किया। राजगीर में खेलो इंडिया कैंप में भी प्रशिक्षण लिया।

2026 में पटना में आयोजित सेकेंड बिहार वुमेंस कबड्डी लीग में उनकी टीम दूसरे स्थान पर रही और शिवानी बेस्ट डिफेंडर चुनी गईं। खेल मंत्री श्रेयसी सिंह और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने उन्हें स्कूटी और नकद पुरस्कार से सम्मानित किया।

कबड्डी संघ के उपाध्यक्ष डा. सुनील सुमन ने कहा-“शिवानी मेहनती, अनुशासित और समर्पित खिलाड़ी है। उसने नियमित अभ्यास और दृढ़ संकल्प से यह मुकाम हासिल किया है। ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों में अपार प्रतिभा है। उन्हें सही प्रशिक्षण और अवसर मिले तो वे देशभर में अपनी पहचान बना सकती हैं।”

शिवानी की उपलब्धि सीतामढ़ी के लिए गर्व की बात है। साधारण परिवार से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाना उसकी मेहनत और प्रतिभा का प्रमाण है। उसकी सफलता दूसरी बेटियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।”
सुनील कुमार पिंटू
विधायक, सीतामढ़ी।

यह भी पढ़ें- समस्तीपुर की दो बहनों ने रचा सफलता का इतिहास, एक बनीं कृषि पदाधिकारी तो दूसरी नर्सिंग अफसर

यह भी पढ़ें- Bihar News: वुशू में दो बहनों का दुनिया में डंका, ईशा-अपराजिता ने अंतरराष्ट्रीय पदक जीत रचा इतिहास

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।