समस्तीपुर की दो बहनों ने रचा सफलता का इतिहास, एक बनीं कृषि पदाधिकारी तो दूसरी नर्सिंग अफसर
समस्तीपुर के हसनपुर प्रखंड के पिरौना गांव की दो सगी बहनों, ज्योति और जूही ने सरकारी सेवाओं में उच्च पद ...और पढ़ें

कृषि सेवा पदाधिकारी ज्योति कुमारी व नर्सिंग पदाधिकारी जूही कुमारी।
HighLights
ज्योति कुमारी बनीं बीपीएससी कृषि सेवा पदाधिकारी।
जूही कुमारी ने नर्सिंग पदाधिकारी का पद पाया।
पिरौना गांव की बेटियों ने बढ़ाया मान।
संवाद सहयोगी, हसनपुर (समस्तीपुर)। कहते हैं कि बेटियां घर की लक्ष्मी होती हैं और जब उन्हें सही अवसर व संस्कार मिले, तो वे पूरे समाज को रोशन कर देती हैं। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है हसनपुर प्रखंड के पिरौना गांव की दो सगी बहनों ने।
दोनों बहनों ने अपनी कड़ी मेहनत और प्रतिभा के बल पर सरकारी सेवाओं में उच्च पद प्राप्त कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। गांव के ग्रामीण चिकित्सक सज्जन महतो एवं स्वास्थ्य विभाग में एएनएम के पद पर कार्यरत इंदु देवी की बड़ी बेटी ज्योति कुमारी का चयन बीपीएससी से कृषि सेवा पदाधिकारी के रूप में हुआ है, वहीं उनकी छोटी बेटी जूही कुमारी ने नर्सिंग पदाधिकारी बनकर सफलता का परचम लहराया है।
माता-पिता की सेवा भावना से प्रेरित होकर प्राप्त किया मुकाम
दोनों बहनों में ज्योति की प्रारंभिक शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय बिरौली से शुरू हुई। उसने राजेंद्र प्रसाद कृषि विश्वविद्यालय पूसा से पीजी की पढ़ाई की। बीपीएससी द्वारा संचालित कृषि सेवा की परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रखंड कृषि पदाधिकारी के रूप में चयनित हुई।
वहीं जूही की प्रारम्भिक शिक्षा पीसी स्कूल सकरपुरा से शुरू हुई। हसनपुर कालेज हसनपुर से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण कर इसी साल नर्सिंग पदाधिकारी के रूप में चयनित हुई।
चिकित्सा और सेवा क्षेत्र से जुड़े माता-पिता की छत्र छाया में पली-बढ़ी दोनों बेटियों ने बचपन से ही समाज सेवा का संकल्प लिया था। नवनियुक्त कृषि सेवा अधिकारी ज्योति कुमारी ने बताया, कृषि हमारे देश और राज्य की रीढ़ है।
मेरा लक्ष्य उन्नत कृषि तकनीकों के माध्यम से किसानों की सेवा करना है। वहीं, नर्सिंग पदाधिकारी बनीं जूही कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के मार्गदर्शन को देते हुए कहा, मां को मरीजों की सेवा करते देख ही मुझे नर्सिंग क्षेत्र में जाने की प्रेरणा मिली। अब पूरी निष्ठा से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना मेरा कर्तव्य है।
क्षेत्र के लिए बनीं रोल माडल
बेटियों की इस शानदार उपलब्धि पर गांव के गणमान्य नागरिकों, बुद्धिजीवियों और ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए मिठाई बांटी। स्थानीय लोगों का कहना है कि ज्योति और जूही ने यह साबित कर दिया है कि यदि बेटियों को बेहतर माहौल और हौसला मिले, तो वे आसमान छू सकती हैं। उनकी यह सफलता प्रखंड की अन्य बालिकाओं को भी उच्च शिक्षा प्राप्त करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगी।
पिता सज्जन महतों (ग्रामीण चिकित्सक) कहते हैं कि एक ग्रामीण चिकित्सक के रूप में दिन-रात लोगों की सेवा करता हूं। मेरा हमेशा से यही सपना था कि मेरी बेटियां पढ़-लिखकर मुझसे भी बड़े स्तर पर समाज और देश का नाम रोशन करें।
आज ज्योति और जूही ने मेरी मेहनत और तपस्या को सफल कर दिया है। उन्होंने यह साबित कर दिया कि बेटियां अगर ठान लें, तो कोई भी मुकाम असंभव नहीं है। आज मेरा सीना गर्व से चौड़ा हो गया है। लोगों को भी अपनी बेटियों पर गर्व करना चाहिए।
माता इंदु देवी (एएनएम) ने कहा कि एक स्वास्थ्य कर्मी होने के नाते मैंने हमेशा मरीजों की सेवा को सर्वोपरि माना है। मुझे बहुत खुशी है कि मेरी एक बेटी स्वास्थ्य क्षेत्र में नर्सिंग पदाधिकारी बन मरीजों की सेवा करेगी और दूसरी ''कृषि सेवा अधिकारी'' बनकर हमारे अन्नदाताओं (किसानों) का सहारा बनेगी। मैंने अपनी बेटियों को हमेशा ईमानदारी और मेहनत से आगे बढ़ना सिखाया है। आज उनकी इस कामयाबी ने घर में साक्षात लक्ष्मी के आगमन का अहसास करा दिया है।
पिरौना ग्राम निवासी पैक्स अध्यक्ष श्रीकांत कुशवाहा ने बधाई देते हुए कहा, "ज्योति और जूही ने पिरौना गांव का नाम पूरे जिले में ऊंचा किया है। एक ही घर से दो बेटियों का इतने बड़े पदों पर जाना यह साबित करता है कि हमारी ग्रामीण प्रतिभाएं किसी से कम नहीं हैं। दोनों बच्चियों ने पूरे समाज को गौरवान्वित किया है।"
बगराहा ग्राम निवासी हीरालाल यादव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, "यह सिर्फ एक परिवार की सफलता नहीं है, बल्कि हमारे पूरे क्षेत्र की जीत है। इन बच्चियों की मेहनत रंग लाई है। सज्जन महतों और इंदु देवी ने अपनी बेटियों को पढ़ाकर समाज के सामने एक बेहतरीन मिसाल पेश की है।"
सीही ग्राम निवासी शिक्षक संजय कुमार ने छात्राओं की पीठ थपथपाते हुए कहा ज्योति और जूही बचपन से ही अत्यंत होनहार और अनुशासित छात्राएं रही हैं। उनकी यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, एकाग्रता और शिक्षकों व माता-पिता के सही मार्गदर्शन का परिणाम है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि वे अपने कार्यक्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।