बाढ़ पीड़ितों की मदद करने पहुंचे भोजपुरी अभिनेता खेसारीलाल
सीतामढ़ी। भोजपुरी सिनेमा के स्टार खेसारी लाल यादव शनिवार को प्रखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र मसहा गांव में लोगों के बीच मदद लेकर पहुंचे। यहां उन्होंने ...और पढ़ें

सीतामढ़ी। भोजपुरी सिनेमा के स्टार खेसारी लाल यादव शनिवार को प्रखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र मसहा गांव में लोगों के बीच मदद लेकर पहुंचे। यहां उन्होंने पीड़ितों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया। हालांकि, प्रशंसकों की भीड़ व कुव्यवस्था के कारण वे कुछ समय में ही लौट गए। इस दौरान उनके साथ गीतकार पवन पांडेय, पीआरओ रंजन सिन्हा समेत कई लोग मौजूद थे। बाद में उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हर साल बाढ़ की तबाही लोगों को झेलनी पड़ती है। यह बहुत पीड़ादायक है। आज हम जिस दौर में हैं, उसमें बाढ़ जैसी आपदाओं से बचाव का स्थायी समाधान निकालने की आवश्यकता है। कई लोगों के पास अब रहने के लिए घर नहीं बचा है। कई लोगों ने अपनों को बाढ़ में खो दिया। कितनों के कारोबार नष्ट हो गए। किसानों की फसल पूरी तरह से तबाह हो गई। इसलिए इस समस्या का स्थायी निदान जरूरी है। उन्होंने कहा कि हम अपने लोगों को कष्ट में नहीं देख सकते, इसलिए एक बेटे की तरह मदद लेकर आए हैं। ये हमारे भगवान हैं। जिनकी वजह से हम आज कुछ बन पाए हैं। इसलिए हम दूसरे लोगों से भी अपील करना चाहते हैं कि वे भी बाढ़ की पीड़ा झेल रहे भाइयों और बहनों की मदद को आगे आएं। खेसारीलाल ने बताया कि बिहार में हर साल आने वाली बाढ़ में पीड़ितों के लिए मदद लेकर आते हैं। इसके अलावा वे दूसरे जनकल्याण के कार्यों में भी बढ-चढ़ कर हिस्सा लेते हैं। अभी हाल ही में उन्होंने मुजफ्फरपुर में चमकी बुखार से मर रहे बच्चों के लिए ग्लूकोज और दवाई लेकर गए थे। खेसारीलाल से मिलने की आस लगाए प्रशंसक हुए निराश
परिहार (सीतामढ़ी)संस: खेसारीलाल यादव से मिलने की आस लेकर पहुंचे सैकड़ों प्रशंसकों को घोर निराशा का सामना करना पड़ा। बता दें कि खेसारीलाल शनिवार को प्रखंड के झपहा मसहा गांव में बाढ़ पीड़ितों का दर्द बांटने व राहत सामग्री का वितरण करने पहुंचे थे। वे करीब तीन बजकर पांच मिनट पर यहां पहुंचे। जबकि प्रशंसक उनके इंतजार में घंटों पहले यहां पहुंच चुके थे। खेसारीलाल के यहां पहुंचते ही प्रशंसकों में सेल्फी लेने व मिलने की होड़ लग गई। इसके चलते वहां कुव्यवस्था फैल गई। लिहाजा करीब दर्जन भर लोगों को राहत सामग्री का वितरण कर वे वहां से निकल पड़े। बाद में कार्यक्रम के संयोजक द्वारा राहत सामग्री वितरित की गई। अपने चहेते स्टार की एक झलक पाने के लिए विभिन्न चौक-चौराहों पर प्रशंसकों की भीड़ लगी रही। लेकिन, मसहा से निकलकर वे अपने काफिले के साथ परिहार चौक होते हुए सीतामढ़ी की ओर निकल पड़े।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।