बिहार में बरात पहुंचने से दो घंटे पहले रोकी गई शादी, शिकायत पर पहुंच गए पुलिस के जवान
पुलिस और पदाधिकारियों की यह टीम बाल विवाह होने की सूचना पर लड़की वालों के घर पहुंची थी। वन स्टाप सेंटर की पदाधिकारी ने कन्या पक्ष के लोगों को समझाकर बाल विवाह रुकवा दिया। टीम लड़के के घर पर भी पहुंची तथा उन्हें भी बाल विवाह करने पर कानूनी कार्रवाई होने की जानकारी दी

जागरण संवाददाता, शेखपुरा। शेखपुरा में शादी का मंडप सजा था। सारे विधि-विधान चल रहे थे। लड़की पक्ष के लोग बरात के स्वागत की तैयारी में लगे थे तथा कुछ ही देर में दरवाजे पर बारात पहुंचनी थी, मगर बरात पहुंचने के बजाय वहां पुलिस पहुंच गई।
वन स्टाप सेंटर के महिला पदाधिकारी भी पहुंची
पुलिस के साथ महिला हेल्पलाइन और वन स्टाप सेंटर के महिला पदाधिकारी भी शामिल थीं। असल में पुलिस और पदाधिकारियों की यह टीम बाल विवाह होने की सूचना पर लड़की वालों के घर पहुंची थी। मौके पर पहुंचने पर शिकायत सही साबित हुई और जिस कन्या की शादी होनी थी, उसकी आयु 18 वर्ष से कम थी।
कन्या पक्ष को समझाकर बाल विवाह रुकवा दिया
वन स्टाप सेंटर की पदाधिकारी अमृता दयाल ने बताया कन्या पक्ष के लोगों को समझाकर बाल विवाह रुकवा दिया गया। इसके बाद यही टीम वर (लड़के) के घर पर भी पहुंची तथा उन्हें भी बाल विवाह करने पर कानूनी कार्रवाई होने की जानकारी दी, जिसके बाद लड़के वाले भी इस बाल विवाह से इंकार कर दिया।
लिखित शपथ लेने के बाद मामला समाप्त
यह मामला जिला के दो थाना क्षेत्रों अरियरी के ककड़ार तथा बरबीघा के पिंजड़ी गांव का है। बाद में कन्या और वर पक्ष से लिखित शपथ लेने के बाद मामला समाप्त हो गया। बाल विवाह की सूचना जिला प्रशासन को मिली थी। दयाल ने बताया दोनों पक्षों को बाल विवाह पर होने वाली कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी गई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।