विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ पर महिलाएं ही नहीं, पुरुष भी रखते हैं 36 घंटे का निर्जला व्रत; 4 दिनों तक कड़े नियमों का करते हैं पालन

Published: Sun, 15 Nov 2026 08:23 PM (IST)

छठ महापर्व में महिलाएं ही नहीं, पुरुष भी पूरे विधि-विधान और निष्ठा के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत रखते ...और पढ़ें

पुरुष भी करते हैं छठ का व्रत। फोटो जागरण

पुरुष भी करते हैं छठ का व्रत। फोटो जागरण

HighLights

  1. पुरुष भी महिलाओं की तरह 36 घंटे का निर्जला व्रत रखते हैं।

  2. परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली के लिए करते हैं उपासना।

  3. छठ पर्व सामाजिक समानता और साझा पारिवारिक जिम्मेदारी का प्रतीक।

जागरण संवाददाता, शेखपुरा। लोक आस्था के महापर्व छठ में आमतौर पर महिलाओं को व्रत करते हुए देखा जाता है, लेकिन इस कठिन अनुष्ठान में पुरुषों की भागीदारी भी कम नहीं है।

जिले में कई पुरुष भी छठ व्रती बनकर पूरे विधि-विधान और निष्ठा के साथ भगवान सूर्य की उपासना करते हैं। वे महिलाओं की तरह ही चार दिवसीय अनुष्ठान के सभी नियमों का पालन करते हुए निर्जला व्रत रखते हैं और परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य एवं खुशहाली की कामना करते हैं।

छठ ऐसा पर्व है, जिसमें व्रत करने के लिए स्त्री और पुरुष के बीच कोई भेद नहीं है। श्रद्धा और संकल्प ही इस अनुष्ठान का आधार है। पुरुष व्रती भी नहाय-खाय से छठ का अनुष्ठान शुरू करते हैं।

इस दिन स्नान के बाद शुद्धता के साथ भोजन तैयार किया जाता है। दूसरे दिन खरना का प्रसाद बनाकर ग्रहण करने के बाद 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू होता है।

इसके बाद संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य के दौरान जलाशयों एवं नदी घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाता है।

पुरुष व्रती भी इस दौरान खान-पान, साफ-सफाई और पूजा की शुद्धता से जुड़े सभी नियमों का पालन करते हैं। कई पुरुष अपने परिवार की परंपरा के अनुसार वर्षों से छठ व्रत करते आ रहे हैं।

कुछ संतान की सुख-समृद्धि और परिवार के कल्याण के लिए व्रत करते हैं, तो कुछ अपनी मन्नत पूरी होने पर छठी मैया के प्रति आस्था प्रकट करते हैं।

इस पर्व की एक खास विशेषता यह भी है कि व्रती चाहे महिला हों या पुरुष, अनुष्ठान की कठिनता और नियमों में कोई अंतर नहीं होता।

घर के सदस्य भी व्रती की सेवा और पूजा की तैयारी में सहयोग करते हैं। छठ के गीतों और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच पुरुषों की सहभागिता सामाजिक समानता और साझा पारिवारिक जिम्मेदारी का संदेश देती है।

दरअसल, छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि अनुशासन, संयम, स्वच्छता और सामूहिक सहभागिता का पर्व है। इसमें पुरुषों की व्रती के रूप में भागीदारी इस लोकपर्व की व्यापक आस्था और समावेशी परंपरा को दर्शाती है।

यह भी पढ़ें- समस्तीपुर: जेल की चारदीवारी के भीतर छठ महापर्व की धूम, 41 बंदियों ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य 

यह भी पढ़ें- PHOTOS: बिहार में गंगा घाटों पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, छठ गीतों की गूंज के साथ डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।