विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PHOTOS: बिहार में गंगा घाटों पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, छठ गीतों की गूंज के साथ डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य

Published: Sun, 15 Nov 2026 06:38 PM (IST)

पटना के गंगा घाटों पर छठ महापर्व के तीसरे दिन व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को श्रद्धापूर्वक अर्घ्य दिया। इस दौरान ...और पढ़ें

पटना के गंगा घाटों में उमड़ी भीड़। फोटो जागरण

पटना के गंगा घाटों में उमड़ी भीड़। फोटो जागरण

HighLights

  1. पटना के गंगा घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया गया।

  2. छठ महापर्व के तीसरे दिन व्रतियों ने श्रद्धापूर्वक पूजा की।

  3. घाटों पर पारंपरिक छठ गीतों से भक्तिमय माहौल बना।

जागरण संवाददाता, पटना। गंगा की लहरों पर ढलते सूरज की लालिमा, घाटों पर जलते दीपों की कतार, हाथों में पूजन सामग्री से सजे सूप और दउरा तथा वातावरण में गूंजते छठी मइया के पारंपरिक गीत। रविवार की शाम राजधानी के गंगा घाटों पर लोक आस्था का ऐसा ही अद्भुत दृश्य देखने को मिला।

चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन व्रतियों ने पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।

Chhath Puja patna

सूर्यास्त के साथ ही गंगा के विभिन्न घाट आस्था, विश्वास और लोक संस्कृति के अनूठे संगम के साक्षी बने। घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और छठ गीतों की मधुर धुनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

पटना के दीघा घाट, कलेक्ट्रेट घाट, गांधी घाट, गायघाट, कृष्णा घाट, लॉ कॉलेज घाट सहित विभिन्न गंगा घाटों पर दोपहर बाद से ही व्रतियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।

Chhath Puja Ganga Ghat

सिर पर दउरा उठाए पुरुष, पूजन सामग्री से सजे सूप लिए महिलाएं और उनके साथ चलते परिवार के सदस्य पर्व की सामूहिकता और पारिवारिक जुड़ाव की तस्वीर पेश कर रहे थे।

घाटों पर पहुंचने के बाद व्रतियों ने गंगा में स्नान किया और कमर तक पानी में खड़े होकर भगवान भास्कर के अस्त होने की प्रतीक्षा की।

सूर्य की अंतिम किरण के साथ अर्पित किया अर्घ्य

जैसे-जैसे सूर्य क्षितिज की ओर बढ़ा, घाटों पर श्रद्धा का उत्साह भी बढ़ता गया। व्रतियों ने बांस के सूप में ठेकुआ, फल, नारियल, ईख, अदरक, हल्दी, सिंघाड़ा और अन्य पारंपरिक पूजन सामग्री सजाकर भगवान सूर्य को अर्पित की।

सूर्यास्त के समय हाथ जोड़कर और सूप उठाकर व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की मंगलकामना और आरोग्य की प्रार्थना की। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही घाटों पर शंखध्वनि और छठी मइया के जयकारे गूंज उठे।

Chhath Puja 2026 Ganga

कई घाटों पर दीप जलाकर सूर्यदेव की आराधना की गई। गंगा की लहरों पर तैरते दीपों की रोशनी और डूबते सूरज की लालिमा ने दृश्य को और मनोहारी बना दिया। घाटों पर मौजूद श्रद्धालु इस पल को अपने कैमरों में कैद करते नजर आए।

छठ गीतों ने बांधा समां, लोक संस्कृति के रंग में रंगी राजधानी

छठ के पारंपरिक गीतों ने पर्व की छटा को और खास बना दिया। 'केलवा के पात पर उगेलन सूरजमल', 'कांच ही बांस के बहंगिया' और 'पहिले पहिल छठी मइया' जैसे गीतों की स्वर लहरियां घाटों पर गूंजती रहीं।

कहीं महिलाएं समूह में गीत गा रही थीं तो कहीं लाउडस्पीकर पर बजते पारंपरिक गीतों के बीच श्रद्धालु छठी मइया की आराधना में लीन थे। गीतों में जहां सूर्यदेव की महिमा का बखान था, वहीं परिवार, संतान और लोकमंगल की कामना भी झलक रही थी।

Chhath Puja 2026 Ganga

घाटों पर छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की मौजूदगी ने पर्व को पारिवारिक उत्सव का रूप दिया। कई ऐसे परिवार भी दिखे, जिनके सदस्य दूसरे शहरों और राज्यों से छठ मनाने पटना पहुंचे थे।

लोगों ने एक-दूसरे को छठ की शुभकामनाएं दीं। घाटों पर सेवा और सहयोग का भाव भी दिखाई दिया। स्वयंसेवक श्रद्धालुओं की सहायता करते रहे।

36 घंटे के निर्जला व्रत की कठिन साधना

खरना के बाद से ही व्रती करीब 36 घंटे के निर्जला उपवास पर हैं। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद भी उनकी साधना जारी रही।

Chhath Puja Ganga  (1)

अब सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद ही व्रती पारण करेंगे। इस तरह चार दिनों तक चलने वाला छठ महापर्व संपन्न होगा। रविवार की शाम अर्घ्य के बाद व्रती अपने घर लौटे और सोमवार की सुबह की पूजा की तैयारियों में जुट गए।

उदीयमान सूर्य के इंतजार में फिर सजेंगे घाट

सोमवार की सुबह एक बार फिर पटना के गंगा घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ेगा। अंधेरे और भोर के बीच व्रती गंगा के जल में खड़े होकर भगवान सूर्य के उदय होने की प्रतीक्षा करेंगे।

Chhath Puja patna news

सूर्य की पहली किरण के साथ ही दूध और गंगाजल से अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके बाद व्रती छठी मइया से परिवार के कल्याण की कामना कर पारण करेंगे।

डूबते सूर्य को अर्घ्य देने से शुरू हुई आराधना उगते सूर्य को नमन के साथ पूर्ण होगी। यही छठ की विशिष्ट परंपरा है, जिसमें अस्त और उदय दोनों अवस्थाओं में सूर्य की उपासना कर प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाती है।

यह भी पढ़ें- जमुई में छठ महापर्व का दूसरा दिन, डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने की सुख-समृद्धि की कामना

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।