समस्तीपुर: जेल की चारदीवारी के भीतर छठ महापर्व की धूम, 41 बंदियों ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य
समस्तीपुर मंडल कारा और रोसड़ा उपकारा में 41 बंदियों ने लोक आस्था का महापर्व छठ मनाया, रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया।

रोसड़ा जेल में अर्घ्य देते व्रती। फोटो जागरण
HighLights
समस्तीपुर जेल में 41 बंदियों ने छठ व्रत रखा।
रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को भक्तिभाव से अर्घ्य दिया।
जेल प्रशासन ने व्रतियों के लिए विशेष व्यवस्था की है।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ की छटा समस्तीपुर मंडल कारा में भी देखने को मिल रही है। जेल में बंद 41 बंदियों ने छठ व्रत किया है।
रविवार को सभी व्रतियों ने पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद अब सभी सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारी में जुटे हैं।
जेल परिसर में छठ पूजा को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। व्रतियों के बीच पर्व को लेकर उत्साह और भक्ति का माहौल है। जेल अधीक्षक प्रशांत ओझा ने बताया कि मंडल कारा में 41 बंदियों ने छठ व्रत रखा है।
सभी व्रतियों को पूजा-पाठ के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि बंदियों की धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए जेल प्रशासन की ओर से पर्व मनाने की व्यवस्था की गई है। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ व्रत संपन्न होगा।
जेल परिसर में दिखी लोक आस्था की अनुपम छटा
लोक आस्था के महापर्व छठ की भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा रविवार को उपकारा रोसड़ा परिसर में देखने को मिला। जेल की ऊंची दीवारों के भीतर छठी मैया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
परिसर में बनाए गए आकर्षक एवं सुसज्जित छठ घाटों पर व्रती बंदियों ने पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया।
इस दौरान उपकारा परिसर में छठ महापर्व को लेकर विशेष तैयारियां की गई है। घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। छठी मैया के गीतों और पारंपरिक भक्ति धुनों से पूरा परिसर गुंजायमान रहा।
व्रती बंदियों ने निर्जला उपवास रखकर भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना की। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते समय माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
सामाजिक और पारिवारिक परिवेश से दूर रहने के बावजूद बंदियों ने परंपरा और धार्मिक विश्वास के साथ महापर्व मनाया। आयोजन के दौरान उपकारा प्रशासन की ओर से व्रतियों की सुविधा और पूजा की व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया।
यह भी पढ़ें- छठ पर उगते सूर्य को अर्घ्य दे पाएंगे दिल्लीवासी या बारिश बढ़ाएगी मुसीबत? IMD ने बताया कल कैसा रहेगा मौसम