एशिया कप हॉकी ट्रॉफी का भव्य स्वागत... शेखपुरा में उत्साह और जोश का माहौल
राजगीर सहित बिहार के दूसरे हिस्सों में इस तरह की अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता दूसरे तरह के रोजगार को भी बढ़ावा देगा। सरकार ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए मेडल लाओ-नौकरी पाओ की नीति भी लागू की है। जिला में भी सभी पंचायतों में खेल मैदान बनकर तैयार हैं जिसका उपयोग खिलाड़ी कर रहे हैं।
जागरण संवाददाता, शेखपुरा। राजगीर में 29 अगस्त से होने वाले हीरो एशिया कप पुरुष हॉकी को लेकर ट्रॉफी गौरव यात्रा मंगलवार को शेखपुरा पहुंची। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के द्वारा आयोजित इस ट्रॉफी गौरव यात्रा का शेखपुरा में भव्य स्वागत किया गया।
दल्लू चौक स्थित नगर भवन में हुए स्वागत समारोह में भाजपा के राज्यसभा सांसद शंभू शरण पटेल के साथ जिलाधिकारी आरिफ अहसन, जिला के कई खिलाड़ी तथा बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता भी शामिल हुए। मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद शंभू शरण पटेल ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के कारण विकास के विभिन्न क्षेत्रों के साथ खेल के मामले में भी भारत नई शक्ति के रूप में उभरा है।
खिलाड़ियों की प्रतिभा को पहचान कर उसे प्रशिक्षण तथा सुविधा के माध्यम से निखारने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा बिहार में लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता का आयोजन नीतीश कुमार की सोच का परिणाम है। जिलाधिकारी ने पंचायत से लेकर जिला और राज्य सहित देश में खेल संस्कृति का तेजी से विकास हो रहा है। राजगीर में संपन्न और आगामी दिनों में होने वाले खेल कार्यक्रम राज्य के बच्चों के बीच खेल संस्कृति को बढ़ावा देगा।
कहा राजगीर सहित बिहार के दूसरे हिस्सों में इस तरह की अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता दूसरे तरह के रोजगार को भी बढ़ावा देगा। सरकार ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए मेडल लाओ-नौकरी पाओ की नीति भी लागू की है। जिला में भी सभी पंचायतों में खेल मैदान बनकर तैयार हैं, जिसका उपयोग खिलाड़ी कर रहे हैं। कार्यक्रम को उप विकास आयुक्त संजय कुमार, अपर समाहर्ता लखिन्द्र पासवान, अनुमंडल पदाधिकारी रोहित कर्दम, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ राकेश कुमार, जिला खेल पदाधिकारी धर्मराज, जनसंपर्क पदाधिकारी सरोज पासवान ने भी संबोधित किया।
शेखपुरा में शूटिंग रेंज बनेगा
शेखपुरा में शूटिंग रेंज बनाया जाएगा। इसकी जानकारी देते हुए भाजपा के राज्यसभा सांसद शंभू शरण पटेल ने बताया इसके लिए प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में उन्होने जिला पदाधिकारी से इसके लिए उपयुक्त भूमि चिंहिंत करने को कहा। कहा शेखपुरा में शूटिंग रेंज के निर्माण के लिए हम केंद्रीय खेल मंत्री से मिलकर बाकी की व्यवस्था करेंगे। जिला प्रशासन भूमि उपलब्ध उपलब्ध कराए तो, शूटिंग रेंज निर्माण केंद्र सरकार का खेल मंत्रालय से कराएगा। शूटिंग रेंज बनने से शेखपुरा खेल के राष्ट्रीय मानचित्र पर आ जाएगा।
बॉक्सिंग, ताइक्वांडों का प्रशिक्षण
शेखपुरा में बॉक्सिंग तथा ताइक्वांडों का प्रशिक्षण केंद्र स्थापित होगा। जिलाधिकारी आरिफ अहसन ने कहा ताइक्वांडो के प्रशिक्षण के लिए स्थल का चयन किया जा चुका है। अब इसके निर्माण का कार्य शुरू होने वाला है। ताइक्वांडो के खले में जिला के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। बाक्सिंग में भी जिला के खिलाड़ी बढ़िया कर रहे हैं, मगर इसके लिए यहां रिंग की व्यवस्था नहीं है, जिसकी व्यवस्था की जा रही है, ताकि जिला के बाक्सिंग खिलाड़ी बढ़िया प्रशिक्षण ले सकेंगे। जिला में खेल की अन्य सुविधा भी बढ़ाई जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।