Bihar: ऑनलाइन गेम खेलते हुआ प्यार, शादी के 25 दिन बाद पति ने ले ली जान; पत्नी का शव जलाया
बिहार के शेखपुरा जिले में बड़ी वारदात हुई। पति ने गला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने शव जला दिया। दोनों मोबाइल गेम के माध्यम से एक दूसरे से मिले थे। दोनों ने 25 दिन पहले शादी की थी। आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

जागरण संवाददाता, शेखपुरा। शेखपुरा पुलिस ने प्रेम विवाह के बाद पत्नी की हत्या कर शव जला देने के एक बड़े मामले का उद्भेदन किया है। इस वारदात में पति पंकज कुमार को हथियावां थाना के गोसायमढ़ी गांव से गिरफ्तार किया है। इलाके में जो भी वारदात के विषय में सुन रहा है, सन्न र जा रहा है।
ओडिशा की रहने वाली थी लड़की
पंकज कुमार (30) बढ़ई है, तथा काम करने के लिए मुंबई भी जाता था। मृतका ओडिशा की बताई गई है। उड़ीसा की उक्त युवती से पंकज कुमार की मित्रत्ता मोबाइल के आनलाइन गेम (फ्री-फायर) से हुई थी। गिरफ्तारी के बाद पंकज ने पुलिस के समक्ष पत्नी की हत्या और फिर शव जलाने की बात स्वीकार्य की है। मगर पत्नी के बारे में पूरी जानकारी अभी नहीं दी है।
चार महीने पहले हुई थी दोस्ती
पुलिस ने बताया मोबाइल फोन के आनलाइन गेम से पंकज की मित्रता तीन-चार महीने पूर्व उक्त युवती से हुई थी। बाद में यह मित्रता प्रेम में बदल गई। पांच अप्रैल 2025 को दोनों ने शादी कर ली। शादी के बाद पंकज उक्त युवती को पत्नी की तरह अपने घर गोसायमढ़ी में रखने लगा।
पति से बताए बिना घर से कहीं चली गई
शादी के 10 दिन बाद युवती पंकज को कुछ बताए बिना घर से कहीं चली गई और 10 दिन बाद वापस आई। बिना कुछ बताए पत्नी के 10 दिन गायब रहने पर पंकज आक्रोश में आ गया और पत्नी के चरित्र पर शक भी करने लगा।
गला दबाकर कर दी पत्नी की हत्या
इसी में एक सप्ताह पूर्व पत्नी की गला दबाकर हत्या करने के बाद शेखपुरा के औधे से आगे रेलवे ट्रैक के किनारे शव को भी जला दिया। इसकी गुप्त सूचना किसी ने एसपी को दे दी। इसके बाद जांच का जिम्मा हथियावां थाना को दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया मामले की प्राथमिकी दर्ज करके युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मगर मृतका के शव का कोई अवशेष नहीं मिला है। पंकज ने पत्नी की हत्या की बात स्वीकार्य कर लिया है।
मामला संगीन, लड़की के विषय में ली जा रही जानकारी
एसपी शेखपुरा बलिराम कुमार चौधरी ने कहा कि यह मामला काफी संगीन है। गिरफ्तार युवक से पूछताछ करके उसका बयान अदालत में कलमबंद कराने की कार्यवाही की जा रही है। पंकज की पत्नी के बारे में पूरी जानकारी इकट्ठा की जा रही है, ताकि उसके परिवार वालों से विस्तृत जानकारी मिल सके।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।