मुजफ्फरपुर की बेटी की शिवहर में हत्या, पति ने शव को जलाया; सास और ननंद ने भी दिया साथ
शिवहर के रामवन गांव में मुजफ्फरपुर की खुशबू कुमारी की हत्या कर दी गई। आरोप पति सास और ननद पर है। मायके वालों को बिना बताए शव को दफना दिया गया। मृतका के पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराई जिसके बाद पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका को शादी के बाद से ही प्रताड़ित किया जा रहा था।
संवाद सहयोगी, शिवहर/ डुमरी कटसरी। श्यामपुर भटहां थाना क्षेत्र के रामवन गांव में मुजफ्फरपुर की बेटी खुशबू कुमारी (35) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
वहीं, मायके वालों को सूचना दिए बगैर शव को ठिकाने लगा दिया गया। वारदात को पति, सास और ननद ने मिलकर अंजाम दिया। वारदात के बाद रिश्तेदारों व ग्रामीणों के सहयोग से शव को अन्यत्र ले जाकर दफना दिया।
वहीं, घर बंद कर फरार हो गए। ग्रामीणों से मिली सूचना के बाद मृतका के पिता मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र के हरकामन शाही गांव निवासी धर्मदेव शाही जब बेटी के गांव पहुंचे तो घर बंद पाया।
वहीं, सभी लोग घर छोड़कर फरार मिले। इसके बाद उन्हाेंने श्यामपुर भटहां थाने में बेटी की हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई। जिसमें मृतका के पति राजीव कुमार सिंह, सास उर्मिला देवी व ननद रागिनी कुमारी व अज्ञात को आरोपित किया है।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए राजीव कुमार सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपित द्वारा शव को जला दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पूछताछ के बाद राजीव कुमार सिंह को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार खुशबू कुमारी की शादी 15 वर्ष पूर्व राजीव कुमार सिंह के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही पति, सास व ससुर उसे प्रताड़ित कर रहे थे। 20 मई की रात उसकी बेरहमी से पिटाई की गई थी।
धर्मदेव शाही ने बताया कि उनकी बेटी ने कहा था कि पति समेत अन्य लोग उसे बेरहमी से पीट रहे है। उसकी हत्या कर देंगे। इसके बाद 21 मई को उन्हें ग्रामीणों से बेटी की हत्या की जानकारी मिली। वह स्वजनों के साथ रामवन गांव पहुंचे। जहां घर बंद पाया।
इसके बाद उन्होंने बेटी व उसके ससुराल वालों की तलाश की। नहीं मिलने पर श्यामपुर भटहां थाने में पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराई। इसके आलोक में पुलिस ने छापेमारी कर राजीव कुमार सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।