Sheohar News: पुरनहिया में बच्चे की हत्या कर शव फेंका, जलाभिषेक के लिए जा रहे पिता आधे रास्ते से ही लौटे
शिवहर जिले के पुरनहिया थाना क्षेत्र में एक 11 वर्षीय बच्चे की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बच्चे का शव गाँव के पास झाड़ियों में मिला। मृतक की पहचान करण कुमार के रूप में हुई है जो बुधवार से लापता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है। परिवार में मातम छाया हुआ है।

संवाद सहयोगी, पुरनहिया(शिवहर)। शिवहर जिले के पुरनहिया थाना क्षेत्र के अदौरी वार्ड तीन में बच्चे की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वहीं साक्ष्य मिटाने के लिए शव को गांव से कुछ दूरी पर स्थित झाड़ियों में फेंक दिया गया। गुरुवार की शाम शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान अदौरी वार्ड तीन निवासी चंद्रभूषण सिंह के पुत्र करण उर्फ अवनीश कुमार (11) के रूप में की गई है। करण पांचवी कक्षा का छात्र था और वह चंद्रभूषण सिंह का इकलौता पुत्र था। वह बुधवार की शाम अपने घर से खेलने के लिए निकला था। लेकिन घर नहीं लौटा।
स्वजनों द्वारा उसकी तलाश की जा रही थी। इसी बीच गुरुवार की शाम उसका शव गांव से कुछ दूरी पर स्थित झाड़ियों में मिला। शव मिलने की सूचना के बाद लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। शव की पहचान होते ही स्वजनों में कोहराम मच गया।
उसके सिर सहित शरीर पर जगह-जगह पिटाई के निशान मिले। लिहाजा, स्वजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। करण के पिता निजी वाहन चालक हैं। वह अनंत चतुर्दशी पर जलाभिषेक के लिए अरेराज गए हैं।
स्वजनों द्वारा उन्हें मोबाइल पर घटना की जानकारी दे दी गई है। वह आधे रास्ते से घर के लिए रवाना हो गए है। बेटे की मौत के बाद मां बदहवास है। चाचा-चाची सहित स्वजनों का बुरा हाल है। जबकि ग्रामीणों में आक्रोश है।
थानाध्यक्ष प्रेमजीत सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।