Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दोहरे हत्याकांड का आरोपित सनकी दामाद पूर्वी चंपारण से गिरफ्तार

    By JagranEdited By:
    Updated: Mon, 13 Jun 2022 12:45 AM (IST)

    शिवहर। नगर थाना क्षेत्र के परदेसिया गांव में हुए दोहरे हत्याकांड में शनिवार को आाखिरकार सनकी दामाद पकड़ा गया।

    Hero Image
    दोहरे हत्याकांड का आरोपित सनकी दामाद पूर्वी चंपारण से गिरफ्तार

    शिवहर। नगर थाना क्षेत्र के परदेसिया गांव में हुए दोहरे हत्याकांड में शनिवार को आाखिरकार सनकी दामाद पकड़ा गया। एसपी अनंत कुमार राय द्वारा गठित पुलिस की विशेष टीम ने पूर्वी चंपारण जिले के फेनहारा बस स्टैंड में छापेमारी कर हत्यारोपी आमोद कुमार सिंह को उस वक्त दबोच लिया जब, वह बस पकड़ कर अन्यत्र भागने की फिराक में था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, चाकू और खून से सना कपड़ा भी बरामद कर लिया है। पुलिसिया पूछताछ में उसने कुल्हाड़ी के प्रहार से हत्या की बात स्वीकारी है। इसकी जानकारी रविवार की शाम समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी अनंत कुमार राय ने दी। एसपी ने पूर्वी चंपारण जिले के पिपराकोठी थाना के कुंवरपुर निवासी आमोद कुमार सिंह की गिरफ्तारी को बड़ी सफलता करार दिया है। एसपी ने बताया कि, जब्त कुल्हाड़ी और कपड़े को फारेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। बताया कि, पूछताछ के बाद हत्यारोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। एसपी ने परदेसिया दोहरे हत्याकांड को जघन्य अपराध करार दिया। मौके पर एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय व नगर थानाध्यक्ष रघुनाथ प्रसाद मौजूद थे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बताते चलें कि, नगर थाना क्षेत्र के परदेसिया गांव में बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात घर में घुसकर अवध किशोर सिंह और उनके भाई अरुण कुमार सिंह उर्फ चुनचुन सिंह की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। जबकि, अवध किशोर सिंह की पत्नी मीना देवी को अधमरा कर दिया था। जिनकी एसकेएमसीएच में चिकित्सा जारी है। अवध किशोर सिंह की पत्नी मीना देवी द्वारा एसकेएमसीएच में इलाज के दौरान अहियापुर थाना पुलिस को दिए गए फर्द बयान के आलोक में 09 जून को नगर थाने में दर्ज प्राथमिकी में दामाद पूर्वी चंपारण जिले के पिपराकोठी थाना के कुंवरपुर निवासी स्व. अवध किशोर सिंह के पुत्र आमोद कुमार सिंह, उसके भाई मुनय सिंह व सोगारथ सिंह, सोगारथ सिंह के पुत्र रोहित सिंह, इसी गांव के उमेश सिंह व परदेसिया गांव निवासी नन्हकू सिंह समेत छह को आरोपित किया गया था। इसके अलावा तीन अज्ञात को भी आरोपित किया गया था। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, मीना देवी की पुत्री अर्चना की शादी वर्ष 2015 में पूर्वी चंपारण जिले के पिपराकोठी थाना के कुंवरपुर निवासी स्व. अवध किशोर सिंह के पुत्र आमोद कुमार सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद संतान नहीं जनने के कारण पति समेत ससुरालियों ने अर्चना को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। वहीं उसे मायका पहुंचा दिया था। उन लोगों ने दामाद को काफी समझाया। गांव में कई बार पंचायत भी बैठी। लेकिन, अर्चना के ससुराल वाले समझने को तैयार नहीं थे। आखिरकार, 20 मई को उन्होंने बेटी की दूसरी शादी कर दी। इससे नाराज आमोद कुमार सिंह ने उनके पति और देवर की हत्या कर दी।