Saran News: छपरा इंजीनियरिंग कॉलेज में डीन के क्वार्टर से बेहोशी की हालत में मिली महिला, मचा हड़कंप; जांच का आदेश
लोकनायक जयप्रकाश प्रौद्योगिकी संस्थान के डीन अभिषेक शर्मा के क्वार्टर में उनकी हाउस हेल्पर बेहोश हालत में मिली। वायरल वीडियो में दावा किया गया है कि महिला शराब के नशे में थी लेकिन डीन ने इसका खंडन किया है। उन्होंने बताया कि महिला उनके घर खाना बनाती थी और अचानक बेहोश हो गई थी। कॉलेज प्रशासन ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई है।

जागरण संवाददाता, छपरा। लोकनायक जयप्रकाश प्रौद्योगिकी संस्थान (एलएनजेपी/छपरा इंजीनियरिंग कॉलेज) मैकेनिकल डिपार्टमेंट के विभागाध्यक्ष एवं डीन अभिषेक शर्मा के कैंपस स्थित क्वार्टर से उनकी हाउस हेल्पर बेहोश हालत में मिली है। इसका वीडियो मंगलवार को वायरल होने के बाद सनसनी फैल गई।
घटना रविवार की बताई जाती है। वायरल वीडियो में एक महिला को क्वार्टर का दरवाजा तोड़कर कालेज कर्मी निकाल रहे है। इंटरनेट मीडिया पर अपलोड वीडियो में कैप्शन लिखा गया था कि इंजीनियरिंग कॉलेज के डीन अभिषेक शर्माके क्वार्टर में शराब के नशे में बेहोश मिली महिला।
इस वीडियो की पड़ताल की गई पर पता चला कि वह महिला डीन की हाउस हेल्पर है। वे पिछले एक साल से उनके घर खाना बना रही थी।
खाना बनाने आई थी महिला
इस संबंध में डीन एवं उत्तर प्रदेश के नोएडा निवासी अभिषेक शर्मा ने पूछे जाने पर बताया कि 27 अक्टूबर रविवार को वह बक्सर में वायवा लेने के लिए गए थे। उनके क्वार्टर में बेहोश पड़ी महिला उनके यहां खाना बनाती है।
वे अपने क्वार्टर का चाबी कैंटीन के संचालक को दे देते हैं, ताकि शाम में खाना बनाने के लिए आने वाली हाउस हेल्पर ताला खोलकर खाना बना सकें। रविवार की सुबह हाउस हेल्पर खाना बनाना नहीं आई थी।
दोपहर में करीब 2:30 बजे उससे बात हुई तो उसने बताया कि शाम को 4 बजे तक आकर खाना बना देगी। उन्होंने आलू पराठा बनाने को कहा था। रविवार की शाम करीब 6:30 बजे बक्सर से वायवा लेकर अपने क्वार्टर में वह पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। उन्होंने डोरबेल बजाया तो उसके बाद भी दरवाजा नहीं खुला।
कैंटीन में पता करने पर मालूम हुआ कि चार बजे हाउस हेल्पर आई थी, लेकिन अभी तक चाबी देकर नहीं गई है। उनके द्वारा हाउस हेल्पर को मोबाइल पर फोन किया गया तो कॉल रिसीव नहीं हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही पहुंच गए अगल-बगल के लोग
उन्होंने अनहोनी की आशंका व्यक्त करते हुए इसकी सूचना कॉलेज के कुलानुशासक, कैंटीन संचालक, सुरक्षा गार्ड एवं बगल के सहकर्मी को दी। वहीं, अगल-बगल के छात्र भी आ गए।
जब हाउस हेल्पर ने फोन करने एवं डोरबेल बजाने के बाद भी क्वार्टर का दरवाजा नहीं खोला तो दरवाजा तोड़कर डीन एवं कॉलेज कर्मी क्वार्टर में प्रवेश किये तो देखा की महिला पलंग पर बेहोश हालत में पड़ी हुई है।
महिला के चेहरे पर पानी के छींटे मारने के बाद वह होश में आई। होश में आने के बाद महिला ने बताया कि उसे पता ही नहीं चला कि वह कब आकर कमरे में सो गई। अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई और वह बेहोश हो गई। डीन ने कालेज कर्मी से हाउस हेल्पर को उसके घर पहुंचवाया।
डीन ने बताया कि इस पूरी घटना का उन्होंने खुद से वीडियो भी बनाया है। उन्होंने कहा कि मुझे बदनाम करने के लिए कोई छात्र यह वीडियो गलत कैप्शन के साथ वायरल किया है। वह दोषी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा भी करेंगे।
छपरा इंजीनियरिंग कालेज के डीन के क्वार्टर का दरवाजा तोड़ते कालेज कर्मी सौ. इंटरनेट मीडिया
प्राचार्य मिथिलेश कुमार सिंह ने क्या कहा?
इस संबंध में पूछे जाने पर छपरा इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य मिथिलेश कुमार सिंह ने बताया अभिषेक शर्मा ने उन्हें महिला के बारे में सूचना दी थी।
अभिषेक ने प्राचार्य को जानकारी दी कि जब डोरबेल बजाने पर फ्लैट का दरवाजा नहीं खुला तो उन्हें मजबूरन दरवाजे को तोड़ना पड़ा। इसके बाद, वह अपने घर में घुसे, जहां एक कमरे में महिला (हाउस हेल्पर) बेहोश मिली।
डीन ने भी इस विषय पर सफाई दी। अभिषेक ने कहा कि शरारती तत्वों ने गलत तरीके से वीडियो को वायरल किया है। उन्होंने पूरे प्रकरण का एक वीडियो खुद भी बनाया है।
बता दें कि इस मामले की जांच के लिए सुरक्षा अधिकारी, कुलसचिव और डीएसडब्ल्यू की तीन सदस्यीय जांच कमेटी भी बनाई गई है। कमेटी जांच के बाद अपनी रिपोर्ट भी देगी।
यह भी पढ़ें-
दीवाली से ठीक पहले नीतीश कुमार ने दी राहत, 1.52 लाख लोगों के बैंक अकाउंट में भेजे 101 करोड़ रुपये
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।