छपरा में महिला की गला रेतकर हत्या, इलाके में फैली सनसनी
छपरा के घेघटा गांव में एक महिला मीना देवी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। वह अपने घर में अकेली रहती थी। ग्रामीणों ने सुबह खून से लथपथ शव बरामद किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी है। चोरी की नीयत से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

जागरण संवाददाता, छपरा। छपरा शहर से सटे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के घेघटा गांव में गुरुवार की रात एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई।
मृतका की पहचान घेघटा कोइरी टोला निवासी स्व. राजकुमार महतो की 56 वर्षीय पत्नी मीना देवी के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह गांव वालों ने घर के बाहर बरामदे में खून से लथपथ शव देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों के अनुसार मीना देवी के पति का निधन दो माह पूर्व हो गया था। पति की मौत के बाद वह गांव में अकेली रहती थीं। उनका बेटा लवकुश गुजरात में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। एक अन्य बेटे की कुछ वर्ष पहले बीमारी से मौत हो चुकी थी। अकेली महिला की देखभाल गांव के आस-पास के लोग एवं पट्टीदार ही करते थे।
वारदात की रात गांव की महिलाओं से की थी बातचीत
गांव की महिलाओं ने बताया कि गुरुवार (चार सितंबर) की रात मीना देवी रोज की तरह देर शाम तक उनसे बातचीत करने के बाद अपने घर चली गईं। अगले दिन सुबह जब ग्रामीण घर की ओर गए तो देखा कि बरामदे में उनका शव पड़ा हुआ है।
महिला के गले पर धारदार हथियार से काटने के गहरे निशान थे, वहीं हाथ और शरीर के कई हिस्सों पर भी कटे घाव दिखाई दिए।
चोरी की नीयत से हत्या की आशंका
ग्रामीणों का कहना है कि महिला घर में अकेली थी। संभावना है कि गुरुवार रात कोई बदमाश चोरी की नीयत से घर में घुसा होगा। इस दौरान महिला के जाग जाने पर उसने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी और फरार हो गया। घटनास्थल पर फैले खून और शव की स्थिति से भी इस आशंका को बल मिल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दी। घटना के बाद से गांव में भय एवं आक्रोश का माहौल है।
इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि पुलिस हत्या के कारणों की जांच विभिन्न एंगल से कर रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।