विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

साढ़े आठ साल में कोच ने पहचाना था वैभव का टैलेंट, अब 204 रन से दुनिया में बजा डंका; बोले- जेनरेशन प्लेयर है मेरा शिष्य

By amritesh kumarEdited By: Radha Krishna
Published: Tue, 24 Nov 2026 09:49 PM (GMT+05:30)

यूएई में वैभव सूर्यवंशी की 53 गेंदों में 204 रनों की ऐतिहासिक पारी ने दुनिया का ध्यान खींचा है। उनके शुरुआती कोच मनीष ओझा ने साढ़े आठ साल की उम्र में ही उनकी प्रतिभा को पहचान लिया था और उन्हें 'जेनरेशन प्लेयर' बताया।

अपने कोच मनीष ओझा के साथ वैभव सूर्यवशी

अपने कोच मनीष ओझा के साथ वैभव सूर्यवशी

HighLights

  1. वैभव सूर्यवंशी ने यूएई में 204 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली।

  2. कोच मनीष ओझा ने साढ़े आठ साल की उम्र में प्रतिभा पहचानी।

  3. कोच को उम्मीद, वैभव जल्द भारतीय टीम का हिस्सा बनेंगे।

बिपिन कुमार मिश्रा, मढ़ौरा (सारण)। साढ़े आठ साल की उम्र में जब एक नन्हा बालक क्रिकेट का ककहरा सीखने जेनेक्स्ट क्रिकेट एकेडमी पहुंचा था, तब शायद ही किसी ने सोचा होगा कि एक दिन यही बच्चा विश्व क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी का डंका बजाएगा। हालांकि, उसके शुरुआती कोच मनीष ओझा ने तभी उसकी प्रतिभा को पहचान लिया था। आज यूएई में वैभव सूर्यवंशी की 53 गेंदों में 204 रनों की ऐतिहासिक पारी ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा है।

पटना की जेनेक्स्ट क्रिकेट एकेडमी में भी इस उपलब्धि को लेकर उत्साह है। वैभव के शुरुआती कोच और एकेडमी के संचालक मनीष ओझा के लिए यह केवल एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि वर्षों पहले देखे गए सपने के साकार होने जैसा है।

बचपन में ही दिखने लगा था जेनरेशन प्लेयर होने का संकेत

दैनिक जागरण से बातचीत में मनीष ओझा ने कहा कि वैभव सामान्य प्रतिभा वाले खिलाड़ी नहीं हैं, बल्कि जेनरेशन प्लेयर हैं। जब वह महज साढ़े आठ साल की उम्र में एकेडमी आए थे, तभी उनके खेल में कुछ अलग दिखाई देने लगा था।

उनका गेम सेंस, स्ट्रोक टाइमिंग और गेंद को समझने का तरीका दूसरे बच्चों से काफी अलग था। कम उम्र में ही वह जिस सहजता से गेंद को हिट करते थे, उससे उनकी विशेष प्रतिभा का अंदाजा लगने लगा था। कोच के अनुसार, वैभव की सबसे बड़ी खासियत यह थी कि वह गेंद की गति और दिशा को जल्दी समझ लेते थे।

28 गेंदों में शतक, 52 गेंदों में दोहरा शतक

मनीष ओझा ने बताया कि वैभव ने अपनी ऐतिहासिक पारी में महज 28 गेंदों में शतक और 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा किया। 28 छक्कों से सजी इस पारी में उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने विपक्षी गेंदबाजों को पूरी तरह दबाव में ला दिया।

कोच के मुताबिक, यह प्रदर्शन सिर्फ ताकत के दम पर नहीं आया, बल्कि इसके पीछे खेल की समझ, आत्मविश्वास और गेंद पर बेहतरीन नियंत्रण है। इतनी कम उम्र में इस स्तर की बल्लेबाजी उनकी असाधारण क्षमता को दर्शाती है।

तीन दिन पहले हुई थी बातचीत, अब ऐतिहासिक पारी से दुनिया में चर्चा

मनीष ओझा ने बताया कि महज तीन दिन पहले ही उनकी वैभव से बातचीत हुई थी। उस समय भी उन्हें अपने शिष्य की क्षमता पर पूरा भरोसा था, लेकिन अब 204 रनों की पारी ने उस भरोसे को नई पहचान दे दी है।

उन्होंने कहा कि वैभव की सफलता देखकर एकेडमी में बिताए शुरुआती दिनों की यादें ताजा हो गई हैं। जिस बच्चे को कभी बल्लेबाजी की बारीकियां सिखाई थीं, आज उसके खेल की चर्चा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हो रही है।

गंभीर, कानिटकर और लक्ष्मण के मार्गदर्शन से मिल रहा अनुभव

कोच ने बताया कि वैभव को गौतम गंभीर, ऋषिकेश कानिटकर और वीवीएस लक्ष्मण जैसे दिग्गजों के मार्गदर्शन में सीखने का अवसर मिल रहा है। बड़े स्तर पर अनुभवी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का साथ मिलने से उनके खेल को और निखरने का मौका मिलेगा।

मनीष ओझा का मानना है कि वैभव में अभी काफी संभावनाएं हैं और आने वाले समय में वह भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाई दे सकते हैं।

अब भारतीय वनडे टीम में देखने की है इच्छा

वैभव की उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए मनीष ओझा ने कहा कि उनकी शुभकामना है कि यह युवा बल्लेबाज जल्द भारतीय वनडे टीम का हिस्सा बने। उन्होंने उम्मीद जताई कि वैभव भविष्य में भारतीय टीम की कप्तानी भी करें और देश का गौरव बढ़ाएं।

उनके अनुसार, प्रतिभा को पहचानने के साथ उसे सही दिशा और लगातार अभ्यास देना जरूरी होता है। वैभव ने अपनी मेहनत और प्रदर्शन से साबित किया है कि छोटी उम्र भी बड़े सपने देखने और उन्हें हासिल करने में बाधा नहीं बनती।

एक कोच का भरोसा, जो आज विश्व क्रिकेट में बन गया मिसाल

वैभव की 204 रनों की पारी ने उनके शुरुआती कोच मनीष ओझा के वर्षों पुराने विश्वास को फिर चर्चा में ला दिया है। साढ़े आठ साल की उम्र में जिस प्रतिभा की झलक एकेडमी में दिखाई दी थी, आज वही प्रतिभा विश्व क्रिकेट में सुर्खियां बटोर रही है। मनीष के लिए यह एक खिलाड़ी का रिकॉर्ड नहीं, बल्कि गुरु और शिष्य के लंबे सफर की यादगार उपलब्धि है।

यह भी पढ़ें- 16 गेंद में फिफ्टी, 28 में शतक और 52 में डबल सेंचुरी; वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास

यह भी पढ़ें- मैदान पर वैभव सूर्यवंशी का 12-12-12 वाला मैजिक, 15 साल के क्रिकेटर के आगे बिखर गई UAE की रणनीति

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।