मैदान पर वैभव सूर्यवंशी का 12-12-12 वाला मैजिक, 15 साल के क्रिकेटर के आगे बिखर गई UAE की रणनीति
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के खिलाफ 53 गेंदों में 204 रन बनाकर क्रिकेट जगत को चौंका दिया। उनकी पारी में 'तिहरे 12' का जादू दिखा, जहां उन्होंने लगातार तीन अर्धशतक सिर्फ 12-12 गेंदों में पूरे किए।

204 में से 196 रन सिर्फ चौके-छक्कों से बटोरे
HighLights
15 वर्षीय वैभव ने 53 गेंदों में 204 रन बनाए।
लगातार तीन अर्धशतक 12-12-12 गेंदों में पूरे किए।
204 में से 196 रन चौके-छक्कों से बटोरे।
अक्षय पांडेय, पटना। क्रिकेट के मैदान पर जब 15 साल का कोई किशोर बल्ले से रनों का नया इतिहास लिख दे, तो रिकॉर्ड की किताबें भी बदलने लगती हैं। जिस उम्र में बच्चे 10वीं की बोर्ड परीक्षा और पढ़ाई के दबाव से जूझते हैं, उस उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने महज 53 गेंदों में 204 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया। उनकी इस ऐतिहासिक पारी का सबसे खास पहलू रहा 'तिहरे 12' का जादू, जिसके आगे यूएई की गेंदबाजी रणनीति पूरी तरह बिखर गई।
16 गेंदों में पहला अर्धशतक, फिर शुरू हुआ 12-12-12 का तूफान
वैभव ने अपनी पारी की शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। उन्होंने महज 16 गेंदों में अपना पहला अर्धशतक पूरा कर लिया। इसके बाद तो रनों की रफ्तार ने अलग ही रिकॉर्ड बना दिया।
वैभव ने 50 से 100, 100 से 150 और 150 से 200 रन तक पहुंचने के लिए लगातार तीन बार 12-12 गेंदें खेलीं। यानी हर अगले अर्धशतक के लिए केवल 12 गेंदें खर्च कीं। उनकी बल्लेबाजी में ऐसी निरंतरता दिखी कि विपक्षी गेंदबाजों को रणनीति बदलने का भी मौका नहीं मिला।
204 में से 196 रन सिर्फ चौके-छक्कों से बटोरे
वैभव की इस पारी की सबसे हैरान करने वाली बात बाउंड्री से बनाए गए रन रहे। उन्होंने कुल 204 रनों में से 196 रन केवल चौके और छक्कों से जुटाए। इस दौरान उनके बल्ले से 28 छक्के और सात चौके निकले।
यानी 96 प्रतिशत से अधिक रन बाउंड्री के सहारे आए। बाकी 18 गेंदों में उन्होंने दौड़कर सिर्फ आठ रन बनाए। उनकी बल्लेबाजी का अंदाज ऐसा था कि विकेटों के बीच दौड़ने की जरूरत ही नहीं पड़ी।
हर तीन में से दो गेंदों पर गेंदबाजों को मिली बाउंड्री
53 गेंदों की पारी में वैभव ने कुल 35 गेंदों को सीमा रेखा के पार पहुंचाया। इनमें 28 छक्के और सात चौके शामिल रहे। आंकड़ों के लिहाज से देखें तो हर तीन में से दो गेंदों पर गेंदबाजों को बाउंड्री का सामना करना पड़ा।
384.90 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए वैभव ने यूएई के गेंदबाजों की हर योजना को नाकाम कर दिया। उनकी पारी में ताकत के साथ टाइमिंग और शॉट चयन का भी शानदार तालमेल दिखा।
कोच मनीष ओझा ने बताया 'स्पेशल पैकेज'
वैभव की इस ऐतिहासिक बल्लेबाजी से उनके कोच मनीष ओझा भी बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने इस पारी को 'स्पेशल पैकेज' और अनूठा प्रदर्शन बताया। मनीष के अनुसार, 50 ओवर के मुकाबले को महज 14.2 ओवर में समाप्त कर वैभव ने क्रिकेट में नया ट्रेंड स्थापित किया है।
उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह की तकनीक और आक्रामकता के साथ वैभव खेल रहे हैं, भविष्य में उनकी मौजूदगी वाली टीम वनडे क्रिकेट में 600 रन का आंकड़ा भी छू सकती है।
कड़े अभ्यास और तकनीक ने बनाया इतनी बड़ी पारी का आधार
कोच मनीष ओझा ने बताया कि वैभव के इस प्रदर्शन के पीछे शुरुआती दौर से किया गया कड़ा अभ्यास है। यह केवल शारीरिक ताकत का कमाल नहीं, बल्कि तेज बैट स्पीड, सटीक बैकलिफ्ट, कलाई के बेहतरीन इस्तेमाल, संतुलित फुटवर्क और निडर मानसिकता का नतीजा है। उनकी बल्लेबाजी तकनीक से अकादमी के दूसरे खिलाड़ी भी प्रेरणा ले रहे हैं और उसी अंदाज को अपनाने का प्रयास कर रहे हैं।
15 साल की उम्र में रिकॉर्ड, भविष्य के लिए बड़ा संकेत
वैभव सूर्यवंशी की 53 गेंदों में 204 रनों की पारी ने यह साबित किया कि कम उम्र में भी असाधारण प्रतिभा और अनुशासन के दम पर बड़े रिकॉर्ड बनाए जा सकते हैं। '12-12-12' के अनोखे कारनामे ने उनकी बल्लेबाजी को यादगार बना दिया। यूएई के खिलाफ इस प्रदर्शन ने क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान एक बार फिर इस युवा बल्लेबाज की ओर खींचा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।