विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झूले और थिएटर से हटकर सोनपुर मेले में ये क्या! कहीं भूतिया दुनिया तो कहीं 360 डिग्री का रोमांच

Published: Sat, 28 Nov 2026 01:25 PM (IST)

सोनपुर मेले में इस बार मनोरंजन का नया अंदाज देखने को मिल रहा है, जिसमें भूतिया ग्लास ब्रिज शो और 360 डिग्री डोम थिएटर प्रमुख आकर्षण हैं।  

सोनपुर मेले में रोमांच जगाने वाले झूले। जागरण

सोनपुर मेले में रोमांच जगाने वाले झूले। जागरण

HighLights

  1. भूतिया ग्लास ब्रिज शो दर्शकों को डरावना अनुभव दे रहा है।

  2. 360 डिग्री डोम थिएटर आभासी दुनिया की सैर कराता है।

  3. आधुनिक तकनीक और रोमांच का मिश्रण मेले का नया आकर्षण।

संवाद सहयोगी, नयागांव (सारण)। Sonepur Mela 2026: सोनपुर मेले में झूले की ऊंचाई, थिएटर की रंगीन रोशनी और पारंपरिक खेल-तमाशे के साथ डर और रोमांच से भरी दुनिया भी दर्शकों को अपनी ओर खींच रही है।

गाय बाजार में इस बार मनोरंजन का अंदाज कुछ बदला-बदला नजर आ रहा है। कहीं भूतों के डरावने कारनामे लोगों को हैरत में डाल रहे हैं तो कहीं 360 डिग्री डोम थिएटर के जरिए दर्शकों को आभासी दुनिया की सैर कराने की तैयारी है।

आधुनिक तकनीक और अनोखे प्रदर्शन का यह मेल सोनपुर मेले के मनोरंजन को नया रंग दे रहा है। गाय बाजार में स्टेट बैंक की शाखा के बगल में चल रहे भूतिया ग्लास ब्रिज शो में डर और रोमांच का अनूठा माहौल देखने को मिल रहा है।

डर का अहसास कराता है भूत‍िया ग्‍लास ब्र‍िज 

इस शो में एक से बढ़कर एक भूतिया आकृतियों और डरावने पात्रों के हैरतअंगेज कारनामे प्रदर्शित किए जा रहे हैं। अचानक सामने आ जाने वाली डरावनी आकृतियां और रहस्यमय गतिविधियां दर्शकों को चौंका देती हैं।

शो देखने पहुंचने वाले लोगों में उत्सुकता के साथ रोमांच भी देखने को मिल रहा है। बच्चे जहां डर और उत्साह के बीच इस अनोखे प्रदर्शन को देख रहे हैं। 

वहीं युवा भी इसके अनुभव को लेकर खासे उत्साहित हैं। कई लोग अपने दोस्तों और परिवार के सदस्यों के साथ इस डरावनी दुनिया को देखने पहुंच रहे हैं।

sonepur 2

डर के साथ तकनीक का भी मिलेगा रोमांच

इसी इलाके में स्थापित 360 डिग्री डोम थिएटर भी मेले के आधुनिक आकर्षणों में शामिल है। यहां दर्शकों को वर्चुअल रियलिटी तकनीक के माध्यम से एक अलग तरह की दुनिया का अनुभव कराने की तैयारी है।

हाई क्वालिटी प्रोजेक्टर से सुसज्जित इस डोम के भीतर चारों ओर दृश्य प्रदर्शित किए जाएंगे। दर्शकों को केवल सामने पर्दे पर फिल्म देखने के बजाय अपने चारों तरफ फैले दृश्यों के बीच होने जैसा एहसास होगा।

थ्री-डी तकनीक और 360 डिग्री विजुअल का यह संयोजन सामान्य सिनेमा से बिल्कुल अलग अनुभव देने वाला है। इस डोम थिएटर के प्रोपराइटर बिहारशरीफ निवासी समीर कुमार ने बताया कि यह आधुनिक तकनीक पर आधारित मनोरंजन का विशेष माध्यम है।

उन्होंने दावा किया कि यह पूरे भारत में अपनी श्रेणी का दूसरा सबसे बड़ा रियलिटी शो है। उनका कहना है कि सोनपुर जैसे ऐतिहासिक मेले में इस तकनीक को लाने का उद्देश्य दर्शकों को मनोरंजन के साथ आधुनिक डिजिटल दुनिया से परिचित कराना है।

sonepur 3

मोबाइल की स्क्रीन से निकलकर सामने होगी आभासी दुनिया

आज के दौर में बच्चे और युवा मोबाइल, टीवी तथा इंटरनेट पर डिजिटल दुनिया से परिचित हैं, लेकिन सोनपुर मेले में इस तरह के आयोजन उन्हें बड़े स्तर पर तकनीक का अनुभव कराने की कोशिश कर रहे हैं।

360 डिग्री डोम थिएटर में चारों तरफ दिखाई देने वाले दृश्य दर्शकों के लिए कौतूहल का विषय बनेंगे, वहीं भूतिया ग्लास ब्रिज शो उन्हें डर और रोमांच का अलग अनुभव दे रहा है।

खास बात यह है कि दोनों ही आकर्षण मनोरंजन के दो अलग-अलग अंदाज पेश करते हैं। एक ओर रहस्यमय और डरावनी दुनिया है तो दूसरी ओर आधुनिक प्रोजेक्शन तकनीक से तैयार आभासी संसार।

sonepur 4

परिवार और दोस्तों के साथ पहुंच रहे दर्शक

मेले में आने वाले लोगों के लिए अब केवल खरीदारी और झूले का आनंद लेना ही विकल्प नहीं रह गया है। मनोरंजन के नए प्रयोग भी लोगों को अपनी ओर खींच रहे हैं।

खासकर बच्चों और युवाओं के बीच भूतिया शो को लेकर उत्सुकता देखी जा रही है। परिवार के साथ मेला घूमने पहुंचे लोग भी इन नए आकर्षणों को देखने में दिलचस्पी ले रहे हैं।

ग्रामीण परिवेश से आने वाले अनेक दर्शकों के लिए इस तरह के तकनीकी और रहस्यमय प्रदर्शन एक नया अनुभव साबित हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें- सोनपुर मेले में पापड़ी, खाजा और सोहन हलवा की धूम, 'मियां मिठाई' के स्वाद के भी मुरीद हैं लोग

यह भी पढ़ें- सोनपुर मेले में खरीदारी के साथ चटकारे का भी मौका, एक ही स्टॉल पर आम से कटहल तक के अचार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।