सोनपुर मेले में खरीदारी के साथ चटकारे का भी मौका, एक ही स्टॉल पर आम से कटहल तक के अचार
सोनपुर मेले में एक खास अचार का स्टॉल लोगों को खूब आकर्षित कर रहा है, जहाँ आम से लेकर कटहल तक के कई प्रकार के घरेलू अचार उपलब्ध हैं। ये पारंपरिक स्वाद वाले अचार मेले की रौनक बढ़ा रहे हैं और खरीदारों, खासकर महिलाओं के बीच काफी लोकप्रिय हो रहे हैं।

सोनपुर मेले में सजा अचार का स्टॉल। जागरण
HighLights
सोनपुर मेले में आम से कटहल तक के अचार का स्टॉल।
घरेलू विधि से तैयार अचार, खरीदारों को खूब पसंद आ रहे हैं।
पारंपरिक खानपान स्टॉल मेले की विविधता और रौनक बढ़ा रहे हैं।
संवाद सूत्र, नयागांव (छपरा)। सोनपुर मेले में इस बार पारंपरिक खानपान के स्वाद ने भी लोगों को आकर्षित किया है। मेले में मनोरंजन, खरीदारी और खानपान के बीच अचार का एक स्टॉल खास चर्चा में है।
यहां मिलने वाली अचार की अलग-अलग किस्में लोगों को पुराने घरेलू स्वाद की याद दिला रही हैं। स्टॉल पर पहुंच रहे लोग अपनी पसंद के अचार चखने के साथ खरीदारी भी कर रहे हैं।
इस स्टॉल पर आम, हरी मिर्च, नींबू, अदरक, लहसुन और कटहल समेत कई प्रकार के अचार उपलब्ध हैं। इनकी कीमत 100 रुपये से लेकर 250 रुपये प्रति किलो तक रखी गई है।
घरेलू विधि से तैयार किए गए हैं अचार
विक्रेता के अनुसार, सभी अचार घरेलू विधि से तैयार किए गए हैं। अलग-अलग स्वाद और किस्मों के कारण यहां महिलाओं के साथ अन्य खरीदारों की भी अच्छी दिलचस्पी दिख रही है।
स्टॉल पर खरीदारी कर रही सोनपुर की एक महिला ने बताया कि अचार की इतनी सारी किस्में एक ही जगह उपलब्ध होना आकर्षक है।
खासकर घरेलू स्वाद वाले अचार लोगों को पसंद आ रहे हैं। कई लोग अपने परिवार के लिए अलग-अलग किस्मों के अचार खरीदकर घर ले जा रहे हैं।
अचार की खुशबू से खिंचे चले आ रहे लोग
दरअसल, सोनपुर मेला केवल पशु व्यापार, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक आयोजनों तक सीमित नहीं है। यहां छोटे-बड़े व्यावसायिक स्टॉल भी मेले की विविधता और रौनक बढ़ाते हैं।
पारंपरिक खानपान से जुड़े ऐसे स्टॉल मेले में आने वाले लोगों को क्षेत्रीय स्वाद और घरेलू व्यंजनों से रूबरू कराने का काम कर रहे हैं। अचार का यह स्टॉल भी इसी वजह से खरीदारों के बीच अपनी अलग पहचान बना रहा है।