85 हजार से 1.85 लाख तक के घोड़े, 37 हजार की बकरी... सोनपुर मेले में सज गया पशुओं का अनोखा बाजार
सोनपुर मेले में पशु बाजार की रौनक लगातार बढ़ रही है, जहां अब तक 1585 घोड़ों में से 327 की बिक्री हो चुकी है और 372 बकरी-भेड़ में से 177 बिक चुके हैं।

सोनपुर मेले में सज गया पशुओं का अनोखा बाजार (AI Generated Image)
जागरण संवाददाता, छपरा। विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले (Sonepur Mela 2026) में पशु बाजार की रौनक लगातार बढ़ रही है। घोड़ों और बकरियों की खरीद-बिक्री के लिए पशुपालकों, व्यापारियों और पशु प्रेमियों की भीड़ जुट रही है।
पशुपालन विभाग की 25 नवंबर तक की रिपोर्ट के अनुसार, मेले में अब तक 1585 घोड़ों का आगमन हुआ है, जिनमें 327 की बिक्री हो चुकी है। अकेले 25 नवंबर को 133 घोड़ों का कारोबार हुआ। घोड़ों की कीमत 85 हजार से लेकर 1.85 लाख रुपये तक दर्ज की गई है।
इसी तरह मेले में 372 बकरी और भेड़ पहुंचे हैं, जिनमें 177 की बिक्री हो चुकी है। 25 नवंबर को ही 86 बकरी-भेड़ की खरीद-बिक्री हुई। इनकी कीमत 3500 से 37 हजार रुपये तक रही। मेले में अब तक 15 गाय, सात बैल, पांच भैंस और 156 कुत्तों की मौजूदगी भी दर्ज की गई है।
पशुओं की खरीद-बिक्री से बाजार में बढ़ी रौनक
पशु बाजार में विभिन्न प्रजातियों के पशुओं की मौजूदगी से मेले की रौनक बढ़ गई है। दूर-दराज से व्यापारी और पशुपालक पहुंच रहे हैं। घोड़ों की अच्छी संख्या और लगातार हो रही बिक्री से बाजार में कारोबार का माहौल बना हुआ है।
चिकित्सा शिविर में पशुओं का हो रहा उपचार
पशुओं के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए पशुपालन विभाग की ओर से चिकित्सा शिविर संचालित किया जा रहा है। 25 नवंबर को सात पशुओं का उपचार किया गया, जबकि अब तक 35 पशुओं को चिकित्सा सुविधा मिली है।
सोनपुर स्थित शिविर में 25 नवंबर को 49 पशुओं को सेवा दी गई। यहां अब तक कुल 132 पशुओं का उपचार किया जा चुका है। जिला प्रशासन और पशुपालन विभाग ने पशुपालकों की सुविधा और पशुओं के इलाज के लिए आवश्यक इंतजाम किए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।