विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Sonepur Mela 2026: ₹900 से शुरू है सोनपुर मेले का VIP सफर, कपल पैकेज में खाना-रहना और गाइड सब शामिल

Published: Thu, 26 Nov 2026 07:28 AM (IST)

बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने सोनपुर मेले के लिए विशेष टूर पैकेज शुरू किए हैं। पर्यटक पटना से एसी बस, डबल डेकर बस या इनोवा जैसी गाड़ियों से मेले तक पहुंच सकते हैं, जिसमें कपल पैकेज भी शामिल है।

₹900 से शुरू है सोनपुर मेले का VIP सफर (AI Generated Image)

₹900 से शुरू है सोनपुर मेले का VIP सफर (AI Generated Image)

HighLights

  1. बिहार पर्यटन निगम ने सोनपुर मेले के लिए विशेष पैकेज शुरू किए।

  2. पटना से मेले तक जाने के लिए कई वाहन विकल्प उपलब्ध।

  3. कपल पैकेज में यात्रा, ठहरने, भोजन और गाइड की सुविधा।

जागरण संवाददाता, पटना। विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले (Sonepur Mela Bihar 2026) की रौनक देखने जाने वाले पर्यटकों के लिए इस बार सफर भी खास होगा। मेले की सैर को सुविधाजनक बनाने के लिए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने विशेष टूर पैकेज शुरू किए हैं।

पर्यटक अपने बजट और जरूरत के अनुसार एसी बस, डबल डेकर बस, विंगर से लेकर इनोवा और इटियोस जैसी गाड़ियों से सोनपुर पहुंच सकेंगे। पटना से सोनपुर आने-जाने का किराया नौ सौ रुपये प्रति व्यक्ति से शुरू है। दो लोगों के लिए छह हजार रुपये का विशेष कपल पैकेज भी तैयार किया गया है।

पर्यटन निगम की ओर से पटना में दो स्थानों से सोनपुर के लिए वाहनों का परिचालन किया जा रहा है। इनमें वीरचंद पटेल पथ स्थित कौटिल्य विहार होटल और दारोगा राय पथ स्थित सिख हेरिटेज गुरु नानक भवन शामिल हैं।

दोनों स्थानों से प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम सात बजे तक सोनपुर के लिए वाहन उपलब्ध होंगे। पर्यटक बिना किसी परेशानी के मेले की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक रंग और आकर्षण का आनंद ले सकें।

वाहनों के हिसाब से किराया तय

पर्यटकों के बजट को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग वाहनों का किराया निर्धारित किया गया है। एसी बस, डबल डेकर बस और विंगर से आने-जाने के लिए प्रति व्यक्ति नौ सौ रुपये देने होंगे।

वहीं, एसी ट्रैवलर का किराया 950 रुपये, इनोवा का 1100 रुपये और इटियोस का 1300 रुपये प्रति व्यक्ति तय किया गया है।

पर्यटक अपनी सुविधा और बजट के अनुसार वाहन चुन सकते हैं। दो लोगों के लिए छह हजार रुपये का विशेष कपल पैकेज भी आकर्षण का केंद्र है। इसमें एसी इटियोस से यात्रा और भ्रमण के साथ होटल में ठहरने तथा टूरिस्ट गाइड की सुविधा मिलेगी।

पैकेज में ब्रेकफास्ट, लंच, शाम का स्नैक्स और डिनर भी शामिल है। यानी पर्यटकों को यात्रा, भोजन और ठहरने की अलग-अलग व्यवस्था करने की जरूरत नहीं होगी।

टूर पैकेज की बुकिंग, किराये और उपलब्धता की जानकारी बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है। इसके अलावा पर्यटक मोबाइल नंबर 8544418314 पर संपर्क कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें- विदेशी पर्यटकों को खूब लुभा रहा बिहार का सोनपुर मेला, स्विस कॉटेज में जापानी सैलानियों का डेरा

यह भी पढ़ें- सोनपुर मेला में पहुंचा 1.60 लाख का बैल तो 1.25 लाख का भैंस, अब तक 63 पशुओं की हुई खरीद-बिक्री

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।