विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनपुर मेला में पहुंचा 1.60 लाख का बैल तो 1.25 लाख का भैंस, अब तक 63 पशुओं की हुई खरीद-बिक्री

Published: Tue, 24 Nov 2026 06:17 PM (IST)

हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में पशुपालन विभाग पशुओं की चिकित्सा और स्वास्थ्य जांच के लिए लगातार सक्रिय है। मेले में अब तक 1211 पशु पहुंचे हैं, जिनमें 1.60 लाख का बैल और 1.25 लाख की भैंस सहित 63 पशुओं की खरीद-बिक्री हुई है।

सोनपुर मेला में पहुंचा 1.60 लाख का बैल तो 1.25 लाख का भैंस (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

सोनपुर मेला में पहुंचा 1.60 लाख का बैल तो 1.25 लाख का भैंस (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. पशुपालन विभाग सोनपुर मेले में पशुओं की स्वास्थ्य जांच कर रहा है।

  2. मेले में 1211 पशु पहुंचे, जिनमें 63 की बिक्री हुई।

  3. 1.60 लाख का बैल और 1.25 लाख की भैंस बिकी।

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले के पशु बाजारों में पशुओं की चिकित्सा और स्वास्थ्य जांच के लिए पशुपालन विभाग की टीम लगातार सक्रिय है। 

जिला पशुपालन पदाधिकारी सह संपूर्ण मेला के वरीय प्रभारी डॉ. मनोज कुमार दास के नेतृत्व में पशु चिकित्सकों की टोली घोड़ा वार्ड सहित विभिन्न पशु वार्डों में पहुंचकर पशुओं का इलाज कर रही है। विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मेले में अब तक 1211 पशुओं की आमद हुई है, जबकि 63 पशुओं की खरीद-बिक्री की गई है।

कुल 1211 पशुओं की उपस्थिति दर्ज

पशुपालन विभाग के 23 नवंबर के दैनिक प्रतिवेदन के अनुसार, इस दिन मेले में कुल 1211 पशुओं की उपस्थिति दर्ज की गई। इनमें सबसे अधिक संख्या घोड़ों की रही। 

मेला प्रभारी डॉ. शिव शंकर कुमार, भ्रमणशील पशु चिकित्सा प्रभारी (चलंत), सारण डॉ. मुकेश और कार्यालय परिचारी, दिघवारा जितेंद्र राम सहित प्रतिनियुक्त पशु चिकित्सक प्रत्येक पशु वार्ड में स्वास्थ्य जांच और उपचार कर रहे हैं। 

24 पशुओं की चिकित्सा की गई

पशु स्वास्थ्य शिविर में 24 पशुओं की चिकित्सा की गई, जबकि सोनपुर, सारण स्थित शिविर में 29 पशुओं का उपचार हुआ। इस प्रकार कुल 53 पशुओं की स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा की गई। मेले में कुल 842 घोड़ों की उपस्थिति दर्ज की गई, जिनमें से 38 की बिक्री हुई। 

घोड़ों का अधिकतम मूल्य 1.30 लाख रुपये और न्यूनतम मूल्य 20 हजार रुपये रहा। गायों की कुल संख्या 15 रही। इनमें रेड सिंधी नस्ल की एक, फ्रिजियन नस्ल की 12 और गीर नस्ल की दो गाय शामिल हैं। 

1.60 लाख का बैल

बैल की कुल उपस्थिति आठ रही। इनमें बछौर देशी नस्ल के छह बैल शामिल हैं। कुल दो बैलों की बिक्री हुई। इनका अधिकतम मूल्य 1.60 लाख रुपये और न्यूनतम मूल्य 15 हजार रुपये दर्ज किया गया। मेले में देशी एवं अन्य नस्लों की कुल आठ भैंसें पहुंचीं, जिनमें से चार की बिक्री हुई। 

भैंस का अधिकतम मूल्य 1.25 लाख रुपये और न्यूनतम मूल्य 80 हजार रुपये रहा। बकरी एवं भेड़ की कुल उपस्थिति 235 दर्ज की गई। इनमें से 19 की बिक्री हुई। इनका अधिकतम मूल्य 22 हजार रुपये और न्यूनतम मूल्य पांच हजार रुपये रहा। वहीं, मेले में 103 कुत्तों की उपस्थिति भी दर्ज की गई।

यह भी पढ़ें- कभी बैलों की घंटियों से गूंजने वाले बैलहट्टा में अब कुत्तों के बाजार की धूम, सोनपुर मेले का बदलता स्वरूप


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।