सारण में पीएनजी कनेक्शन बढ़ाने की कवायद तेज, 10 हजार घरों तक पहुंची पाइपलाइन
सारण जिले में घरेलू पाइप गैस (पीएनजी) कनेक्शन को बढ़ावा दिया जा रहा है। अब तक 10,964 घरों में मीटर ...और पढ़ें
-1775118569542_m.webp)
सारण में 10 हजार घरों तक पहुंची पाइपलाइन। (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, छपरा। सारण जिले में घरेलू पाइप गैस (पीएनजी) कनेक्शन को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन और संबंधित एजेंसियां तेजी से काम कर रही हैं। इसका उद्देश्य आम उपभोक्ताओं को रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना और सिलेंडर बुकिंग व डिलीवरी की झंझट से मुक्ति दिलाना है। जिले में अब तक 10,964 घरों में पाइप गैस मीटर लगाए जा चुके हैं, जबकि 6,425 उपभोक्ता नियमित रूप से इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं।
गैस संकट के बीच बढ़ी पाइप गैस की जरूरत
बीते कुछ समय से रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति में अनियमितता और बुकिंग के बाद लंबा इंतजार उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। ऐसे में पाइप गैस कनेक्शन एक बेहतर विकल्प के रूप में उभर रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस व्यवस्था से गैस संकट की स्थिति में भी उपभोक्ताओं को निरंतर आपूर्ति मिल सकेगी।
घरों तक पहुंची पाइपलाइन, कनेक्शन की तैयारी
जिले में 800 घर ऐसे हैं जहां तक पाइपलाइन पूरी तरह पहुंच चुकी है और कनेक्शन देने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। वहीं 10,959 घर ऐसे हैं जहां पाइपलाइन मोहल्ले या घर के पास तक पहुंच चुकी है। इन सभी स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा से जुड़ सकें।
गैस संकट से राहत दिलाने की कवायद
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव का कहना है कि पाइप गैस नेटवर्क के विस्तार से भविष्य में गैस की किल्लत से काफी हद तक राहत मिलेगी। सिलेंडर आधारित व्यवस्था पर निर्भरता कम होने से आपूर्ति बाधित होने की समस्या भी घटेगी। खासकर त्योहारों और शादी-विवाह के मौसम में होने वाले गैस संकट को नियंत्रित करने में यह व्यवस्था कारगर साबित हो सकती है।
सारण के इन इलाकों में मिल रहा कनेक्शन
फिलहाल दिघवारा, सोनपुर, छपरा और परसा के कई क्षेत्रों में घरेलू पाइप गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। इन इलाकों में तेजी से पाइपलाइन बिछाने और मीटर लगाने का काम जारी है। आने वाले समय में जिले के अन्य क्षेत्रों को भी इस योजना से जोड़ा जाएगा।
उपभोक्ताओं को मिलेगा सीधा लाभ
पाइप गैस कनेक्शन से उपभोक्ताओं को कई फायदे मिलेंगे। सबसे बड़ा लाभ यह है कि उन्हें सिलेंडर बुक कराने और डिलीवरी का इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। साथ ही, गैस की आपूर्ति निरंतर बनी रहने से घरेलू कामकाज में कोई बाधा नहीं आएगी।
प्रशासन की प्राथमिकता में योजना
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पाइप गैस कनेक्शन का विस्तार उनकी प्राथमिकता में शामिल है। संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि जहां भी पाइपलाइन पहुंच चुकी है, वहां शीघ्र कनेक्शन दिया जाए। अधिकारियों का मानना है कि आने वाले समय में यह व्यवस्था सारण के शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों की जीवनशैली को काफी हद तक बदल लाएगा।
