सारण में दो गांवों के बीच हिंसक झड़प, जमकर चले लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर, DM और SSP ने संभाला मोर्चा
सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र में गुर्दाहां खुर्द और गुर्दाहां कलां गांव के बीच विवाद हो गया। दोनों गांवों के लोग लाठी-डंडे और पत्थरों से आपस में भिड़ गए जिससे लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए। विवाद का कारण महिलाओं के साथ छेड़खानी को लेकर आरोप-प्रत्यारोप बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण आक्रोशित थे।
जागरण संवाददाता, छपरा। सारण जिले के मांझी थानाक्षेत्र के दो गांव के बीच शनिवार की रात विवाद हो गया। विवाद के बाद दोनों गांव के बीच जमकर लाठी-डंडे से मारपीट हुई। एक-दूसरे पर पत्थर बाजी भी की गई।
इस पत्थरबाजी एवं मारपीट की घटना में करीब एक दर्जन लोगों को चोट लगी है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि मांझी थाना क्षेत्र के गुर्दाहां खुर्द तथा गुर्दाहां कला के गांव के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
इस विवाद में दोनों गांव के लोग एक दूसरे को मारने पर उतारू हो गये। घटना के संबंध में दोनों गांव के लोग एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।
महिलाओं को देखकर तेज मोटरसाइकिल चलाने एवं छेड़खानी की बात बता रहे हैं। इसी बात को लेकर दोनों गांव के बीच विवाद बढ़ गया। बताया जाता है कि इस दोनों गांव के बीच अक्सर किसी ने किसी बात को लेकर विवाद हो जाता है।
महिला-पुरुष लाठी-डंडे ले सड़क पर उतरे
गुर्दाहां खुर्द तथा गुर्दाहां कला गांव के बीच विवाद की जानकारी मिलने के बाद मांझी थाने के पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित ग्रामीण पुलिस की बात मानने से इनकार कर दिया। बताया जाता है कि पुलिस के रहते भी दोनों गांवों के ग्रामीणों के बीच आपस में लड़ते रहे।
लाठी डंडे से लैस दोनों गांवों के युवक एक दूसरे पर हमला कर रहे थे। पुलिस ने कई लोगों की लाठी इस दौरान जब्त किया।
डीएम-एसएसपी पहुंचकर की जांच
टकराव की गम्भीरता को देखते हुए मांझी थाने की पुलिस ने वरीय पदाधिकारी को इसकी सूचना दी। दो गांवों के वीच विवाद देखते हुए सारण के जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस प्रशासन ने एकमा, दाउदपुर, कोपा मांझी एवं रिविलगंज थाने की पुलिस मोर्चा संभाले हुए हैं। इसके साथ ही आसपास के थानों को भी अलर्ट कर दिया गया। पुलिस प्रशासन घटना स्तर पर नजर बनाए हुए हैं।
छपरा से भेजा गया अतिरिक्त पुलिस बल
मांझी के गुर्दाहां खुर्द तथा गुर्दाहां कला के गांव के बीच विवाद के बाद पुलिस प्रशासन ने छपरा पुलिस लाइन से महिला एवं पुरुष बल घटना स्थल पर तैनात किया है। बताया जाता है कि दोनों गांव में हिंदू एवं मुसलमान की मिश्रित आबादी है। जिसके कारण गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।