विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सारण के दिघवारा में सड़क हादसा; बाइक सवार एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर

Published: Tue, 27 Jan 2026 11:15 PM (IST)

सारण के दिघवारा में शेरपुर सिक्स लेन पुल मार्ग पर मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 18 वर्षीय चंदन कुमार की मौत हो गई। वहीं, अभिषेक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पीएमसीएच रेफर किया गया है। दोनों युवक सरस्वती प्रतिमा विसर्जन से लौट रहे थे। अज्ञात वाहन या असंतुलन के कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. दिघवारा में सिक्स लेन पुल पर बाइक दुर्घटना हुई।

  2. सरस्वती प्रतिमा विसर्जन से लौटते समय हादसा हुआ।

  3. एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल।

संवाद सूत्र, दिघवारा (सारण)। सारण जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र के शेरपुर सिक्स लेन सड़क पुल मार्ग पर मंगलवार की रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों में एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा चकनूर गांव के सामने करीब साढ़े नौ बजे रात में हुआ। दुर्घटना की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मृत युवक की पहचान दिलवारा थाना क्षेत्र के राइपट्टी मोहल्ला निवासी रंजीत महतो के 18 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार के रूप में की गई है। वहीं, घायल युवक दिलवारा थाना क्षेत्र के ही शंकरपुर रोड निवासी भरत ठाकुर का 18 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार बताया गया है। गंभीर हालत को देखते हुए अभिषेक को प्राथमिक उपचार के बाद पटना मेडिकल कालेज अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मां सरस्वती की प्रतिमा के विसर्जन में शामिल होने गए थे। विसर्जन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बाइक से घर लौटने के दौरान शेरपुर सिक्स लेन पुल मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन अथवा असंतुलन के कारण बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दिघवारा पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद चंदन कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अभिषेक कुमार की हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच भेज दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही दिघवारा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

यह भी पढ़ें- 22,133 करोड़ राजस्व के साथ तीसरे स्थान पर पूर्व मध्य रेल, महाप्रबंधक ने गिनाए विकास के आंकड़े

यह भी पढ़ें- गया-झाझा मेमू में बेहोश यात्री को मृत समझ पोस्टमार्टम भेजा, अस्पताल पहुंचे तो पाए गए जीवित

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।