विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

22,133 करोड़ राजस्व के साथ तीसरे स्थान पर पूर्व मध्य रेल, महाप्रबंधक ने गिनाए विकास के आंकड़े

Published: Tue, 27 Jan 2026 11:05 PM (IST)

पूर्व मध्य रेल मुख्यालय में महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण किया। उन्होंने रेलकर्मियों और उपयोगकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं। महाप्रबंधक ने बताया कि पूर्व मध्य रेल ₹22,133 करोड़ के राजस्व के साथ भारतीय रेलवे में तीसरे स्थान पर है। उन्होंने 32 किमी नई रेल लाइनों के निर्माण, 159 किमी विद्युतीकरण, यात्री सुविधाओं के विस्तार और 36 नई ट्रेनों के परिचालन सहित विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी।

22,133 करोड़ रुपये के प्रारंभिक राजस्व के साथ भारतीय रेलवे में ईसीआर तीसरे स्थान पर। फोटो जागरण

22,133 करोड़ रुपये के प्रारंभिक राजस्व के साथ भारतीय रेलवे में ईसीआर तीसरे स्थान पर। फोटो जागरण

HighLights

  1. पूर्व मध्य रेल ₹22,133 करोड़ राजस्व के साथ तीसरे स्थान पर।

  2. 32 किमी नई रेल लाइनें, 159 किमी ट्रैक का विद्युतीकरण।

  3. यात्री सुविधाओं का विस्तार, 36 नई ट्रेनों का परिचालन।

जागरण संवाददाता, पटना। पूर्व मध्य रेल मुख्यालय में महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। रेल सुरक्षा बल ने राष्ट्रीय धुन बजाकर ध्वज को सलामी दी गई। महाप्रबंधक ने रेल सुरक्षा बल एवं स्काउट्स एंड गाइड की परेड का निरीक्षण किया तथा रेलकर्मियों व रेल उपयोगकर्ताओं को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।

अपर महाप्रबंधक अमरेन्द्र कुमार, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त अमरेश कुमार सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा सुनीता सिंह एवं संगठन की अन्य सदस्याएं भी कार्यक्रम में शामिल रहीं।

महाप्रबंधक ने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष में दिसंबर 2025 तक पूर्व मध्य रेल 22,133 करोड़ रुपये के प्रारंभिक राजस्व के साथ भारतीय रेलवे में तीसरे स्थान पर है। इसी अवधि में 147 मिलियन टन माल ढुलाई कर 17,943 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया गया, जिससे माल लदान में चौथा और माल राजस्व में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।

यात्री परिवहन के क्षेत्र में 19.1 करोड़ यात्रियों ने यात्रा की, जिससे 3,700 करोड़ रुपये का प्रारंभिक यात्री राजस्व प्राप्त हुआ, जो पिछले वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि है। आधारभूत संरचना विकास की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 32 किलोमीटर नई रेल लाइनों का निर्माण तथा 159 ट्रैक किलोमीटर का विद्युतीकरण पूरा किया गया है। कई नई रेल लाइनों पर यात्री ट्रेनों का परिचालन प्रारंभ किया गया है और 78 पुलों का मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण किया गया है।

यात्री सुविधाओं के विस्तार के तहत 36 जोड़ी नई ट्रेनों का परिचालन, 20 जोड़ी ट्रेनों का मार्ग विस्तार तथा 310 स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया। स्टेशनों पर लिफ्ट, फुट ओवर ब्रिज, प्लेटफार्म शेड, सीसीटीवी, ट्रेन एवं कोच इंडिकेशन बोर्ड जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।

समारोह के दौरान रेल सुरक्षा बल के श्वान दस्ते ने यात्री सुरक्षा से जुड़े आकर्षक करतब प्रस्तुत किए, वहीं पूर्व मध्य रेल के कलाकारों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।