विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 01, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बिहार: छपरा में असामाजिक तत्वों ने कन्हैया के काफिले पर किया हमला-कई घायल

By Akshay PandeyEdited By:
Published: Sat, 01 Feb 2020 01:00 PM (IST)Updated: Sat, 01 Feb 2020 03:04 PM (IST)

बिहार के छपरा जिले में सीपीआइ नेता कन्हैया कुमार के काफिले पर शनिवार की सुबह असामाजिक तत्वों ने हमला बोल दिया। वारदात में कन्हैया को चोट नहीं आई है।

बिहार: छपरा में असामाजिक तत्वों ने कन्हैया के काफिले पर किया हमला-कई घायल
बिहार: छपरा में असामाजिक तत्वों ने कन्हैया के काफिले पर किया हमला-कई घायल

सारण, जेएनएन। सीपीआइ नेता कन्हैया कुमार के काफिले पर शनिवार की सुबह असामाजिक तत्वों ने हमला बोल दिया। घटना कन्हैया के सिवान से छपरा आने के क्रम में कोपा इलाके में हुई। इस अचानक किए गए हमले में कन्हैया के काफिले में शामिल कुछ लोगों के घायल होने के साथ ही कई गाड़ियों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। जानकारी के मुताबिक इस वारदात में कन्हैया को चोट नहीं आई है, क्योंकि वो दूसरी गाड़ी में सवार थे।

इस घटना के बाद छपरा स्थित दहियावां टोला में जदयू सांसद कविता सिंह के पति अजय सिंह को पुलिस ने हाउस अरेस्ट किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कन्हैया का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अजय सिंह को मुक्त कर दिया जाएगा।

सभा को संबोधित करने से पहले हुआ हमला

मिली जानकारी के अनुसार सीपीआइ नेता कन्हैया कुमार सिवान से कोपा पुलिस लाइन में सभा के लिए छपरा जिले आए हुए थे। शनिवार की सुबह जैसे ही कन्हैया कोपा में सभा के लिए जाने लगे कि कुछ लोग उनका विरोध करते हुए नारे लगाने लगे।

इसी बीच असामाजिक तत्वों ने उनके काफिले में शामिल कुछ वाहनों पर पथराव करना शुरू कर दिया। कन्हैया समर्थकों और विरोधियों के बीच झड़प हुई, जिसमें कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है। वहीं घटना में दो से तीन गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। हमले में मीडिया के लोग भी निशाना बने हैं, कई फोटोग्राफर्स से कैमरे छीन लिए गए। बाद में पुलिस ने कैमरे वापस दिलवा दिये। 

उपद्रवियों ने छीने कैमरे

जलालपुर के अंचलाधिकारी का कहना है कि असामाजिक तत्वों ने सीपीआइ नेता कन्हैया कुमार के काफिले पर हमला किया है। स्थानीय पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 मिनट में हालात को सामान्य कर लिया है। जिसके बाद कन्हैया का काफिला छपरा के लिए रवाना हो गया है। वहीं पथराव के दौरान फोटो खींच रहे कई लोगों के कैमरे को भी उपद्रवियों ने छीन लिया, जिसे बाद में दिलवाया गया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।