चने की फसल पर 'साइलेंट किलर' का हमला: जड़ से सूख रहे पौधे, कृषि वैज्ञानिक ने बताया बचाने का अचूक तरीका
जलालपुर (सारण) में चने की फसल पर रोग का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे पौधे पीले पड़कर सूख रहे हैं और किसान उत्पादन घटने की आशंका से चिंतित हैं।

पीले पड़े चने का पौधा दिखाते मंझवलिया के किसान। जागरण
HighLights
चने के पौधे पीले पड़कर सूख रहे, किसान चिंतित।
फफूंदजनित रोग 'उकठा' या जड़-तना सड़न की आशंका।
कृषि वैज्ञानिक ने दवा छिड़काव, जलजमाव से बचने की सलाह दी।
संवाद सहयोगी, जलालपुर (सारण)। रबी मौसम की प्रमुख दलहनी फसल चने पर रोग का प्रकोप किसानों के लिए परेशानी का कारण बनने लगा है। प्रखंड क्षेत्र के कई गांवों में चने के पौधे पीले पड़कर सूख रहे हैं।
कहीं पौधों की जड़ों में कीड़े लगने की शिकायत है तो कहीं जड़ और तने में सड़न के लक्षण दिखाई दे रहे हैं। लगातार खराब हो रही फसल को देखकर किसानों को उत्पादन में कमी की आशंका सताने लगी है। समय रहते रोग की पहचान और उपचार नहीं होने पर नुकसान बढ़ने का डर है।
मंझवलिया गांव के प्रशिक्षित एवं सम्मानित किसान संतोष कुमार सिंह सहित अन्य ने बताया कि उनके खेत में चने के पौधे लगातार पीले पड़कर सूख रहे हैं। पौधों की जड़ों में कीड़े लगने के कारण समस्या और गंभीर होती जा रही है।
उन्होंने बताया कि फसल में रोग के लक्षण दिखने पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी से खेत का निरीक्षण कराकर समस्या की पहचान करने का आग्रह किया गया था। हालांकि, अब तक कृषि विभाग की टीम खेतों में जांच के लिए नहीं पहुंची है।
उन्होंने विभाग से प्रभावित खेतों का शीघ्र निरीक्षण कराने और किसानों को उचित उपचार की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है।
फफूंदजनित रोग की हो सकती है आशंका
कृषि वैज्ञानिक डॉ. जीतेंद्र चंद्र चंदोला ने बताया कि चने के पौधों में दिखाई दे रहे लक्षण उकठा अथवा जड़-तना सड़न रोग के हो सकते हैं। ये फफूंदजनित रोग हैं। इनके प्रकोप से पौधों की पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं। धीरे-धीरे पौधे मुरझाकर सूख जाते हैं।
उन्होंने किसानों को बचाव के लिए कार्बेंडाजिम 12 प्रतिशत एवं मैनकोजेब 63 प्रतिशत डब्ल्यूपी दवा का दो ग्राम प्रति लीटर पानी की दर से घोल बनाकर शाम के समय छिड़काव करने की सलाह दी है।
एक एकड़ में 500 ग्राम दवा के प्रयोग की सलाह
वैज्ञानिक के अनुसार, एक एकड़ फसल में लगभग 200 लीटर पानी के साथ 500 ग्राम दवा मिलाकर छिड़काव किया जा सकता है। इसके अलावा खेत में जलजमाव नहीं होने देने और जरूरत से अधिक सिंचाई से बचने की सलाह दी गई है।
किसानों का कहना है कि समय रहते कृषि विभाग की ओर से प्रभावित खेतों की जांच और उचित मार्गदर्शन मिलने से फसल को नुकसान से बचाने में मदद मिल सकती है।
यह भी पढ़ें- खेती-किसानी के लिए लोन मिलना होगा आसान, बिहार के 2 जिलों में 1 दिसंबर से शुरू हो रहा पायलट प्रोजेक्ट
यह भी पढ़ें- बिहार के किसानों को सौगात: अब दूध-सब्जी के किसानों को भी मिलेगा KCC लोन, कैंप में बांटे जाएंगे क्रेडिट कार्ड
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।