अब विदेशों तक पहुंचेगा छठ का प्रसाद, छपरा जंक्शन पर 185 रुपये से बुकिंग शुरू
छपरा जंक्शन पर रेलवे मेल सेवा (RMS) के माध्यम से अब छठ का प्रसाद विदेशों तक भेजा जा सकेगा। यह ...और पढ़ें

ठेकुआ। फाइल फोटो
HighLights
छपरा जंक्शन पर छठ प्रसाद बुकिंग शुरू हुई।
रेलवे मेल सेवा (RMS) द्वारा विदेशों तक भेजा जाएगा।
प्रवासी श्रद्धालुओं को परंपरा से जोड़ेगा यह कदम।
जागरण संवाददाता, छपरा। लोक आस्था के महापर्व छठ की महत्ता अब देश की सीमाओं को पार कर विदेशों तक पहुंचेगी। छठ पर्व के बाद घर लौटने में असमर्थ श्रद्धालु अब अपने सगे-संबंधियों और परिचितों तक घर में तैयार किया गया प्रसाद भेज सकेंगे।
इसके लिए छपरा जंक्शन स्थित आरएमएस (रेलवे मेल सेवा) कार्यालय में बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस पहल से विदेशों में रहने वाले लोगों को भी घर के छठ प्रसाद का स्वाद चखने और अपनी परंपराओं से जुड़े रहने का अवसर मिलेगा।
इस सुविधा का लाभ खासकर उन परिवारों को मिलेगा, जिनके सदस्य रोजगार, पढ़ाई या अन्य कारणों से दूसरे प्रदेशों और विदेशों में रहते हैं। छठ के दौरान घर नहीं पहुंच पाने वाले लोग भी अब प्रसाद के माध्यम से पर्व की खुशियों में शामिल हो सकेंगे।
185 रुपये से शुरू है बुकिंग शुल्क
प्रसाद भेजने के लिए बुकिंग शुल्क 185 रुपये से शुरू होगा। हालांकि, पार्सल के वजन और गंतव्य के अनुसार डाक शुल्क निर्धारित किया जाएगा।
देश के विभिन्न शहरों के साथ विदेशों में भी प्रसाद भेजने की व्यवस्था की गई है। इस सेवा की शुरुआत छपरा से की गई है।
इसके बाद पटना और दिल्ली में भी बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। स्थानीय लोगों ने रेलवे और डाक प्रशासन की इस पहल की सराहना की है।
उनका कहना है कि इससे छठ की लोक आस्था, परंपरा और पारिवारिक जुड़ाव को देश-विदेश तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी के अलावा पूरा परिवार रहा मौजूद, समस्तीपुर के छट घाट पर मां आरती ने दिया अर्घ्य
यह भी पढ़ें- पटना में छठ घाटों पर आतिशबाजी और सिलिंडर फटने से हादसा, 22 घायल अस्पताल में भर्ती; 25 को उमस ने किया बीमार