पटना में छठ घाटों पर आतिशबाजी और सिलिंडर फटने से हादसा, 22 घायल अस्पताल में भर्ती; 25 को उमस ने किया बीमार
छठ पर्व पर पटना के गंगा घाटों पर सिलिंडर फटने व आतिशबाजी से 22 लोग अस्पताल पहुंचे, जबकि भीड़ और उमस से 25 अन्य बीमार हुए।

पटना घाट में भीड़। जागरण
HighLights
दीघा घाट पर सिलिंडर फटने से पांच लोग झुलसे।
आतिशबाजी और भीड़ से करीब 22 लोग घायल, अस्पताल में भर्ती।
उमस और धक्का-मुक्की से 25 श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ी।
जागरण संवाददाता, पटना। लोक आस्था के महापर्व छठ पर भगवान भास्कर को शनिवार शाम व रविवार की सुबह अर्घ्य देने के लिए गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। दीघा घाट पर गंगा किनारे खाना बनाने के दौरान छोटा गैस सिलिंडर फटने से पांच लोग झुलस गए।
धमाके से आसपास मची भगदड़ से भी कई लोग चोटिल हुए। इसके अलावा अलग-अलग घाटों पर आतिशबाजी के कारण भी करीब दो दर्जन लोग घायल हुए।
अर्घ्य के दौरान 22 झुलसे मरीज पीएमसीएच, आइजीआइएमएस और न्यू गार्डिनर रोड अस्पताल में पहुंचे। इनमें से 10 को भर्ती करना पड़ा।
पीएमसीएच और आइजीआइएमएस में नौ-नौ और न्यू गार्डिनर में चार जले लोग इलाज कराने पहुंचे। इसके अलावा घाटों पर उमस, भीड़, धक्का-मुक्की और लंबे समय तक खड़े रहने के कारण करीब 25 अन्य लोगों की तबीयत बिगड़ गई।
कई लोग चक्कर खाकर बेहोश हो गए जबकि कुछ को धक्का लगने से चोटें आईं। घाटों पर तैनात मेडिकल टीम ने मौके पर ही उनका उपचार किया।
दीघा घाट पर सिलिंडर धमाके से मची अफरातफरी
दीघा घाट पर गंगा किनारे खाना बनाने के दौरान एक छोटा गैस सिलिंडर अचानक फट गया। इसकी चपेट में आने से व्रती के परिवार के पांच सदस्य झुलस गए।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास मौजूद श्रद्धालुओं में अफरातफरी मच गई। कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान कई लोग घबराहट में बेहोश या चोटिल हो गए। झुलसे लोगों को तत्काल पीएमसीएच पहुंचाया गया।
आइजीआइएमएस में नौ जले रोगी पहुंचे, छह की सर्जरी
आइजीआइएमएस के उप निदेशक सह प्रवक्ता डॉ. विभूति प्रसन्न सिन्हा ने बताया कि शनिवार शाम 7.30 से रविवार सुबह 4.30 बजे तक कुल नौ जले मरीज इमरजेंसी में पहुंचे।
इनमें से तीन को प्राथमिक उपचार का डिस्चार्ज किया गया जबकि छह को भर्ती किया गया। सोमवार तक इनमें से तीन की सर्जरी हो चुकी है जबकि तीन की सर्जरी प्रस्तावित है।
पीएमसीएच में नौ जले मरीज पहुंचे, चार गंभीर
पीएमसीएच के अधीक्षक प्रो. डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि छठ के दौरान जिले में दो जगह सिलिंडर फटने से झुलसे नौ मरीज अस्पताल पहुंचे। इनमें चार की स्थिति अपेक्षाकृत गंभीर थी।
सभी का बर्न वार्ड में उपचार किया गया। शुरुआती जांच में सभी मरीज खतरे से बाहर बताए गए। इनमें चार को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि पांच का इलाज जारी रहा। वहीं, न्यू गार्डिनर रोड के प्रभारी डा. सुभाष चंद्र झा ने बताया कि चार जले मरीज इलाज को आए थे।
भीड़ और उमस से 25 लोगों की बिगड़ी तबीयत
दीघा, कलेक्ट्रेट और अन्य गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। कई घाटों पर पैर रखने की जगह तक नहीं थी। लंबे समय तक खड़े रहने, उमस, शारीरिक थकान और भीड़ में धक्का-मुक्की के कारण करीब 25 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इनमें महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल थे।
कई लोग चक्कर खाकर बेहोश हो गए। कुछ को चोटें भी आईं। घाटों पर तैनात मेडिकल टीम और आपदा प्रबंधन से जुड़े कर्मियों ने प्राथमिक उपचार के बाद जरूरतमंदों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया।
अधिसंख्य प्राथमिक उपचार से स्वस्थ हो गए। डिहाइड्रेशन व लो ब्लड प्रेशर वाले मरीजों को कुछ समय निगरानी में रखा गया।
भीड़ के बीच आतिशबाजी पड़ी भारी, दूसरों के पटाखों से झुलसे लोग
छठ घाटों पर भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के उत्साह के बीच आतिशबाजी कई लोगों के लिए मुसीबत बन गई। भीड़ के बीच पटाखे जलाने का खामियाजा उन लोगों को भी भुगतना पड़ा, जिन्होंने खुद आतिशबाजी नहीं की थी।
दूसरे लोगों की ओर से जलाए गए पटाखों की चिंगारी और विस्फोट की चपेट में आने से कई श्रद्धालु झुलस गए। घाटों पर परिवार के साथ अर्घ्य देने पहुंचे लोगों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल थे।
भीड़ के बीच पटाखे जलाने से दुर्घटना की आशंका बनी रही। कई लोग अचानक पटाखे फूटने से घबरा गए और अफरातफरी की स्थिति बन गई।
यह भी पढ़ें- माइनस 7 डिग्री की ठंड में मनाया गया छठ, व्रतियों ने पानी में खड़े होकर सूर्यदेव को दिया अर्घ्य
यह भी पढ़ें- छठ की धूम के बाद जहरीली हुई बिहार की हवा, 300 के पार पहुंचा पटना का AQI
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।