माइनस 7 डिग्री की ठंड में मनाया गया छठ, व्रतियों ने पानी में खड़े होकर सूर्यदेव को दिया अर्घ्य
लंदन में माइनस सात डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच प्रवासी भारतीयों ने लोक आस्था का महापर्व छठ धूमधाम से मनाया।

लंदन में छठ पूजा। फोटो जागरण
HighLights
लंदन में माइनस सात डिग्री में छठ पूजा का आयोजन।
बिहारी कनेक्ट यूके ने पांचवीं बार सामूहिक पूजा कराई।
15 व्रती महिलाओं ने निर्जला उपवास रख अर्घ्य दिया।
जागरण संवाददाता, रांची। देश से हजारों किलोमीटर दूर ब्रिटेन के ग्रेटर लंदन में भी लोक आस्था का महापर्व छठ पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।
हौंस्लो स्थित ब्रह्मऋषि मिशन (हेस्टन रोड) में बिहारी कनेक्ट यूके संस्था की ओर से लगातार पांचवें वर्ष सामूहिक छठ पूजा का आयोजन किया गया।
कड़ाके की ठंड और माइनस सात डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच बिहार और झारखंड की 15 व्रती महिलाओं ने निर्जला उपवास रखकर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। आयोजन में यूके के करीब 900 परिवारों के लगभग दो हजार लोग शामिल हुए।
छठ महापर्व को लेकर रविवार से ही तैयारियां शुरू हो गई थीं। व्रती महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं ने मिलकर करीब सात हजार ठेकुआ और कसार (चावल के लड्डू) तैयार किए।
पूजा के लिए फल, नारियल, गन्ना, हल्दी-अदरक की गांठ, सिंघाड़ा, केला, नींबू, सुथनी और मूली सहित अन्य पूजन सामग्री को पीतल के सूप और दउरा में सजाया गया। संस्था की ओर से व्रतियों को दो सेट साड़ी, ब्लाउज, लहठी और पूजन सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।
पानी में खड़े होकर विधि-विधान से हुई पूजा
संध्या और उषा अर्घ्य के दौरान पुरुष श्रद्धालु सिर पर सूप, दउरा और पूजन सामग्री लेकर मिशन परिसर में बनाए गए अस्थायी घाट तक पहुंचे। यहां प्लास्टिक के बड़े बाथ टब में पानी भरकर घाट तैयार किया गया था।
व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर दीप जलाया और विधि-विधान से सूर्यदेव तथा छठी मइया की पूजा की। परिवार के सदस्यों और अन्य श्रद्धालुओं ने सूप की परिक्रमा करते हुए दूध और जल से मंत्रोच्चार के बीच डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य दिया।
पूरे आयोजन के दौरान छठ के पारंपरिक गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। संध्या अर्घ्य के बाद व्रतियों ने गन्ने का मंडप बनाकर मिट्टी के 12 और 24 दीप जलाकर कोसी भरी।
महिलाओं ने 'केलवा के पात पर उगेलन सूरज मल झुके-झुके' और 'कांच ही बांस के बहंगिया' जैसे पारंपरिक गीतों से छठ की महिमा का बखान किया।
उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद हवन किया गया। इसके बाद सामूहिक गंगा आरती और सूर्यदेव की आरती हुई।
संस्था की ओर से श्रद्धालुओं के बीच छठ प्रसाद का वितरण किया गया। यूके के अलग-अलग शहरों में रहने वाले बिहार और झारखंड के लोगों तक भी प्रसाद पहुंचाने की विशेष व्यवस्था की गई थी।
संस्था के ट्रस्टी कैप्टन ओम प्रकाश ने आयोजन की सफलता के लिए ट्रस्टियों, समिति के सदस्यों, स्वयंसेवकों, कैटरर और ब्रह्मऋषि मिशन के प्रति आभार जताया।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व प्रवासी भारतीयों के लिए सामाजिक सौहार्द और आपसी समन्वय का माध्यम है। यह पर्व उनकी आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की विशिष्ट पहचान है।
देश से हजारों मील दूर रहकर भी इस तरह का आयोजन अपनी जड़ों और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का सशक्त प्रयास है।
यह भी पढ़ें- 100 साल की उम्र में छठ मनाने की लालसा, बेटों ने घर के सामने बनवाया तालाब; गोड्डा में दिखा आस्था और प्रेम का संगम
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।