विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

100 साल की उम्र में छठ मनाने की लालसा, बेटों ने घर के सामने बनवाया तालाब; गोड्डा में दिखा आस्था और प्रेम का संगम

Published: Mon, 16 Nov 2026 08:44 PM (IST)

मेहरमा के कसबा गांव में 100 वर्षीय ललिता देवी की छठ पूजा की इच्छा पूरी करने के लिए उनके बेटों ने घर के सामने कृत्रिम तालाब बनवाया।

छठ पूजा मनाती मां। फोटो जागरण

छठ पूजा मनाती मां। फोटो जागरण

HighLights

  1. 100 वर्षीय ललिता देवी की छठ पूजा की अटूट आस्था।

  2. बेटों ने घर के सामने कृत्रिम तालाब बनाकर इच्छा पूरी की।

  3. मातृभक्ति की मिसाल, पूरे गांव में हो रही सराहना।

संवाद सहयोगी, मेहरमा (गोड्डा)। आस्था और श्रद्धा उम्र की मोहताज नहीं होती। मेहरमा प्रखंड के कसबा गांव में इसका उदाहरण देखने को मिला। शारीरिक असमर्थता के कारण चलने-फिरने में लाचार 100 वर्षीया ललिता देवी की छठी मैया के प्रति आस्था अटूट है।

छठ पर्व पर अर्घ्य देने की उनकी इच्छा पूरी करने के लिए बेटों ने घर के सामने छोटा-सा कृत्रिम तालाब बनवाया। इसमें ललिता देवी ने परिवार के साथ भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य देकर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

गांव में नदी, नहर और सरकारी स्तर पर बने 22 तालाब हैं। इसके बावजूद बेटों ने मां को दूर के घाट तक ले जाने की परेशानी से बचाने के लिए घर के सामने ही तालाब तैयार कराया।

रंग-बिरंगी झालरों और केले के थंभ से सजाकर उसमें बाहर से पानी भरा गया और छठ घाट का स्वरूप दिया गया। परिवार की बहू तृप्त तूलिका ने विधि-विधान से व्रत किया। इस अवसर पर संयुक्ता मिश्रा, अतुल्य आनंद, श्रेयस शुभम, सन्नी मिश्रा, दीप्ति श्वेता और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

शुरुआत में इस तालाब में केवल परिवार के सदस्य पूजा करते थे, लेकिन धीरे-धीरे आसपास के टोले-मोहल्ले के लोग भी यहां आने लगे। अब कई श्रद्धालु दूर-दराज के घाटों के बजाय गांव के बीच स्थित इसी घाट पर छठ पूजा में शामिल होते हैं।

ललिता देवी के पुत्रों में 77 वर्षीय सेवानिवृत्त अधिकारी मिथिलेश कुमार मिश्र, अधिवक्ता रमेश कुमार मिश्र, समाजसेवी आनंद कुमार मिश्र, कुमार चंद्रभाल और विक्रम कुमार शामिल हैं।

बेटों की पहल की गांव में सराहना हो रही है। पर्व के समापन पर श्रद्धालुओं ने ललिता देवी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। बेटों ने मां की इच्छा और सुविधा को सर्वोपरि रखकर मातृभक्ति की मिसाल पेश की, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में है।

यह भी पढ़ें- चक्रवात 'अकवान' का असर: फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 20 से 23 नवंबर तक बारिश की संभावना

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।